हिसार। पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा के कार्यालय में वीरवार को पुलिस पब्लिक समन्वय समिति की बैठक हुई। बैठक में शहर की सड़कों पर दौड़ने वालीं निजी बस चालकों और ऑटो चालकों द्वारा कहीं से भी सवारियों को बैठाने का मुद्दा उठा। जिस पर पुलिस अधीक्षक ने यातायात थाना प्रभारी को प्रभावी कार्रवाई करने और ऑटो व निजी बस चालकों को निर्धारित स्टैंड पर से ही सवारियां बैठाने के लिए निर्देश जारी करने को कहा। ऐसा न करने पर चालकों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए।
पुलिस अधीक्षक हांडा ने पुलिस पब्लिक समन्वय समिति के सदस्यों से अपराध नियंत्रण व पुलिस संबंधित समस्याओं पर सुझाव मांगे। उन्होंने कहा कि शहर के मार्केट क्षेत्र में पुलिस पीसीआर व राइडर की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। रात के समय में भी पुलिस की उपस्थिति रहेगी। बैठक के दौरान पुलिस पब्लिक समन्वय समिति के सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक के साथ नशा, महिला सुरक्षा, ट्रिपल राइडिंग मामलों पर विचार साझा किए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस की महिला सुरक्षा समर्पित टीम सभी सार्वजनिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों के पहुंच महिलाओं और लड़कियों को महिला सुरक्षा, महिला अधिकारों और महिला विरुद्ध अपराध के बारे में जागरूक कर रही है। महिलाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़ के संबंध में हॉट स्पॉट चिह्नित किए है।