हिसार। गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) परिसर में ओबीसी छात्र संगठन और दीप कला मंच की ओर से एक निजी कंपनी के सहयोग से मॉडलिंग, अभिनय, नृत्य और गायन के ऑडिशन आयोजित किए गए। कार्यक्रम में कुल 86 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया जिनमें 54 ने ऑफलाइन ऑडिशन दिया जबकि 32 प्रतिभागियों ने ऑनलाइन प्रोफाइल भेजकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. सुनील वर्मा ने किया। ऑडिशन में प्रोफेशनल मॉडल कविता, दिल्ली की मॉडल मोनिका, निर्देशक ड्रीपार्कोर और निर्देशक अजय आलोक ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
आयोजक अजय आलोक ने बताया कि मिस हरियाणा और मिस्टर हरियाणा प्रतियोगिता के लिए यह प्रथम चरण के ऑडिशन हैं, जो प्रदेश के विभिन्न शहरों में आयोजित किए जा रहे हैं। प्रतियोगिता का अंतिम चरण अगस्त में चंडीगढ़ में आयोजित होगा, जिसे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभिनय क्षेत्र में चयनित प्रतिभागियों को फिल्मों, वेब सीरीज और विभिन्न ओटीटी प्लेटफॉर्म पर काम करने के अवसर भी मिल सकते हैं। ओबीसी छात्र संगठन और दीप कला मंच के अध्यक्ष सतपाल वर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय में पढ़ाई के साथ-साथ ऐसे मंच विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और नए अवसर प्राप्त करने का मौका देते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन भविष्य में भी छात्र-छात्राओं के लिए इस प्रकार के रचनात्मक और प्रतिभा संवर्धन कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।