हांसी। राजकीय महाविद्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आईक्यूएसी के सहयोग से बायोमीट्रिक उपस्थिति प्रणाली पर एक हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में वाणिज्य विभाग के सहायक प्राध्यापक एवं बायोमीट्रिक उपस्थिति प्रणाली के प्रभारी शिव कुमार ने कार्यशाला के मुख्य बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने दैनिक उपस्थिति पंजीकरण के लिए पर्सनल डिवाइस आधारित नई प्रणाली को सक्षम किया गया है, जो अब हमारे संस्थान में भी लागू कर दी गई है।
इस नई प्रणाली के तहत सभी स्टाफ सदस्य अपने व्यक्तिगत मोबाइल फोन का उपयोग कर उपस्थिति दर्ज कर सकेंगे। इस पहल से नेटवर्क भीड़ की स्थिति में प्रणाली विफलताओं की संभावना कम होगी और संस्थान में लंबी कतारों से भी बचा जा सकेगा। इस अवसर पर कार्यवाहक प्राचार्य शामेंदर बमल ने विशेष रूप से स्टाफ सदस्यों को संबोधित करते हुए यह निर्देश दिया कि सभी कर्मियों के लिए बायोमीट्रिक मॉड्यूल से ही उपस्थिति अंकित करना अनिवार्य रहेगा। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। कार्यक्रम में सभी स्टाफ सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया।