अग्रोहा थाने में तैनात एएसआई जयपाल मेहरा बुधवार को कोर्ट में किसी केस के सिलसिले में एविडेंस जमा करवाकर जैसे ही विजिलेंस कार्यालय के पास खड़ी अपनी कार में बैठने लगा तो उस पर बाइक सवार तीन युवकों ने ईंट से हमला कर दिया। गनीमत रही कि यह ईंट उसकी कार में जाकर लगी। इसके बाद उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची तब तक आरोपी युवक फरार हो चुके थे।
अग्रोहा थाने में एएसआई के पद पर तैनात जयपाल मेहरा बुधवार दोपहर को किसी केस के सिलसिले में कोर्ट में एविडेंस लेकर पहुंचे थे। करीब 3 बजे जब वह कोर्ट से निकलकर विजिलेंस कार्यालय के पास खड़ी अपनी होंडा सिटी कार में बैठने लगे तो उसी वक्त वहां एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक पहुंचे और एएसआई जयपाल की ओर ईंट फेंकी, जो उनकी कार में जा लगी। इसके बाद जयपाल घबराकर लघु सचिवालय की ओर भागा और वहां तैनात पुलिस कर्मियों व कोर्ट चौकी पुलिस को इसकी सूचना दी। जयपाल पर ईंट से हमला करने के बाद भी आरोपी युवक वहीं खड़े रहे और इसी बीच कार के आगे वाला शीशा तोड़ दिया और उसकी कार के दो टायरों की हवा भी निकाल दी। इसके बाद जब जयपाल अन्य पुलिस कर्मियों सहित मौके पर पहुंचा तो आरोपी युवक वहां से फरार हो चुके थे।
मेरी किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। हो सकता है किसी केस के सिलसिले में किसी ने नाराजगीवश मुझ पर हमला किया हो। फिलहाल मैंने इसकी शिकायत कोर्ट चौकी पुलिस को दे दी है। इस बारे में एसपी साहब से मिलकर शिकायत करूंगा।
जयपाल मेहरा, एएसआई, अग्रोहा थाना।