एटीएम बदल कर पैसे निकलवाने के मामले में इस बार दो शरारती तत्वों ने एक शिक्षिका को अपना निशाना बनाया है। तिकोना पार्क के समीप एसबीआई के एटीएम से पैसे निकलवाने आई शिक्षिका का दो युवकों ने बड़ी चालाकी से एटीएम बदल लिया। आरोपी युवकों ने एटीएम के माध्यम से शिक्षिका को 70 हजार रुपये की चपत लगाई है। पुलिस ने इस संबंध में निवासी व चरखी दादरी के कलाली-बलाली में आईटीआई में बतौर इंस्ट्रेक्टर के पद पर कार्यरत गीता सैनी की शिकायत पर दो अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना को अंजाम देने वाले युवक एटीएम में लगे सीसीटीवी फुटेज में आ गए है।
पुलिस को दी शिकायत में गीता ने कहा है कि वह हांसी में अपनी बहन के साथ खरीददारी करने आई थी। इस दौरान वह तिकोना पार्क के समीप एटीएम से 10 हजार की नकदी निकलवाने गई। गीता ने बताया कि मौके पर दो युवक पहले से ही एटीएम दुकान में थे। इस दौरान युवकों ने उनसे कहा कि एटीएम मशीन सही तरीके से काम नहीं कर रही, मैं तुम्हारे पैसे निकाल देता हूं। युवकों ने उनसे एटीएम लेकर पासवर्ड पूछा और 10 हजार रूपए निकाल कर दे दिए। आरोप है कि इस दौरान युवकों ने बड़ी ही चतुराई से उनका एटीएम बदल दिया। गीता ने बताया कि उस समय तो उन्हें इसके बारे में पता नहीं चला लेकिन जब वह घर पहुंची और मोबाइल पर मेसेज चैक किया तो उनके खाते से 70 हजार रुपये निकले हुए थे।
गीता ने बताया कि उसके खाते में 3 लाख 74 हजार रुपये बैलेंस था। 10 हजार निकलवाने के बाद 3 लाख 64 रुपये की राशी होने चाहिए थी, जबकि उसके खाते में 2 लाख 94 हजार रुपये बकाया राशि थी। इसके बाद उन्होंने अपना एटीएम ब्लॉक करवा दिया। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। किला चौकी इंचार्ज महेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस सोमवार को सीसीटीवी फुटेज लेकर युवकों की पहचान कर आगे की कार्रवाई करेगी।