हिसार। सेक्टर-3 निवासी असिस्टेंट बैंक मैनेजर विकास की पत्नी प्रमिला (35) ने मंगलवार रात को घर के बरामदे में रस्सी के जरिये पंखे के हुक में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। विकास बुधवार को सुबह चार बजे उठा तो उसने पत्नी का शव फंदे में लटकता देखा। फिर उसने परिजनों व डायल 112 पर कॉल कर मामले की सूचना दी। विकास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बैंक असिस्टेंट मैनेजर के पद पर काम करता है। वह पत्नी प्रमिला और अपने दो बच्चों के साथ सेक्टर-3 में रहता है। एक लड़का 13 और दूसरा 10 साल का है। प्रमिला मंगलवार रात को करीब 11 बजे खाना खाने के बाद बरामदे में सोने की बात कहकर चली गई। बुधवार को सुबह चार बजे वह उठा तो उसने देखा कि पत्नी का शव बरामदे में पंखे पर रस्सी के फंदे में लटक रहा है। एचटीएम थाना प्रभारी नवीन जाखड़ ने बताया कि परिजनों के बयान पर इत्तेफाकिया कार्रवाई की है।