हरियाणा की हॉट सीट बनी आदमपुर में भाजपा का टिक-टॉक फार्मूला फेल हो गया और कुलदीप बिश्नोई अपने पिता का 52 साल से चला आ रहा गढ़ बचाने में सफल रहे। टिक-टॉक के नाम से मशहूर एवं टीवी अभिनेत्री सोनाली फौगाट को भाजपा ने कुलदीप के मुकाबले मैदान में उतारा, लेकिन उनका कोई जादू नहीं चल सका और कुलदीप ने मैदान मार लिया।
हरियाणा गठन के बाद से वर्ष 2014 तक हुए विधानसभा के 12 चुनावों में से 11 बार से लगातार बिश्नोई परिवार के वर्चस्व वाला आदमपुर इस बार हॉट सीट बनी हुई थी और कुलदीप बिश्नोई से बचाने में कामयाब रहे। अगर इस हॉट सीट पर देखें तो भाजपा प्रत्याशी सोनाली फौगाट को टिकट दिए जाने से भाजपा नेता ही खुश नहीं थे, जिस कारण भितरघात हुआ। इसका सीधा फायदा कुलदीप बिश्नोई को हुआ। सोनाली फौगाट द्वारा बालसमंद में मंच से विवादास्पद भाषण को कुलदीप ने खूब भुनाया और गलत बड़बोलापन सोनाली के विरोध में गया, जिसके लिए उन्होंने माफी भी मांगी, लेकिन तीर कमान से निकल चुका था।
कुलदीप बिश्नोई की जीत के कारण
1. लोकसभा चुनाव के बाद से ही हलके में लोगों के बीच परिवार सहित पहुंचकर विधानसभा का कैंपेन शुरू करना
2. भाजपा द्वारा कमजोर प्रत्याशी मैदान में उतारने का फायदा
3. प्रदेश में या दूसरे हलकों की तरह आदमपुर में कांग्रेस के भितरघात का असर न होना
सोनाली फौगाट की हार के तीन कारण
1. टिकट मिलने के बाद मैदान में उतरना और आदमपुर के बजाय नलवा में अधिक पहचान
2. टिकट मिलने के बाद बालसमंद गांव में विवादास्पद बयानबाजी से विरोधी स्वर उभरे
3. आदमपुर से टिकट की दौड़ में रहे भाजपा के अन्य नेताओं से भितरघात
ये था वर्ष 2014 का सीन
वर्ष 2014 में आदमपुर सीट से कुलदीप बिश्नोई अपनी पार्टी हरियाणा जनहित कांग्रेस (बीएल) से चुनाव जीते थे। उन्होंने कांग्रेस के कुलबीर बैनीवाल को 17249 वोटों के अंतर से हराया था। कुलदीप बिश्नोई को 56757 वोट और कुलबीर बैनीवाल को 39508 वोट हासिल हुए थे। भाजपा ने पिछले चुनाव में यहां से कर्णसिंह रानौलिया को मैदान में उतारा था, जो 8319 वोट लेकर चौथे स्थान पर रहे थे। तीसरे स्थान पर कांग्रेस के सतिंद्र सिंह रहे थे, जिन्हें 10209 वोट मिले थे।
भाजपा को सत्ता पर काबिज नहीं होने देंगे : कुलदीप
कांग्रेस हरियाणा में सरकार बनाएगी। पांच साल में भाजपा ने हरियाणा को 15 साल पीछे धकेल दिया। हमें किसी के साथ भी गठबंधन करना पड़े, लेकिन भाजपा को सत्ता पर काबिज नहीं होने देंगे। आदमपुर की बहादुर जनता को बधाई। यह जीत मेरी जीत नहीं, आदमपुर की बहादुर जनता की जीत है।
- कुलदीप बिश्नोई, आदमपुर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी
आदमपुर में ही रहकर लोगों की आवाज उठाने का काम करूंगी : सोनाली
आदमपुर की जनता ने 34 हजार से ज्यादा वोट देकर मुझे स्वीकार कर लिया है। अगले पांच साल तक आदमपुर में ही रहकर लोगों की आवाज उठाने का काम करूंगी। मात्र 15 दिनों में लोगों से रूबरू होकर इतने वोट हासिल करना मेरे लिए बड़ी उपलब्धि है।
- सोनाली फौगाट, आदमपुर सीट से भाजपा प्रत्याशी