लुवास के नवनियुक्त प्रधान डॉ. अशोक मलिक व सचिव डॉ. सतबीर शर्मा।
- फोटो : Hisar
लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) में प्राध्यापक संघ का चुनाव शनिवार को शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ। इसमें डॉ. अशोक मलिक का निर्विरोध प्रधान चुने गए, सचिव पद के लिए हुए चुनाव में डॉ. सतबीर शर्मा विजयी रहे।
चुनाव अधिकारी डॉ. सज्जन सिहाग ने बताया कि चुनाव में केवल सचिव पद के लिए डॉ. सतबीर शर्मा व डॉ. संदीप गुप्ता के बीच मुकाबला था। डॉ. सतबीर शर्मा ने डॉ. संदीप गुप्ता को 45 मतों से हराया। डॉ. सतबीर शर्मा को 105 और डॉ. संदीप गुप्ता को 60 मत प्राप्त हुए। चुनाव में लुवास्टा के 171 सदस्यों में से 166 सदस्यों ने मतदान किया।
प्रधान पद पर डॉ. अशोक मलिक, उपप्रधान पद पर डॉ. राजेश, सहसचिव पद पर डॉ. मान सिंह व कोषाध्यक्ष पद पर डॉ. इंदु का चुनाव निर्विरोध किया जा चुका है। कार्यकारिणी सदस्यों में डॉ. राजेश कुमार, डॉ. सुशील चाहर, डॉ. स्वाति, डॉ. नरेंद्र कुमार, डॉ. सतीश जांगड़ा एवं डॉ. पंकज कुमार का चयन किया गया। नई कार्यकारिणी को 30 मार्च शाम 4 बजे शपथ दिलाई जाएगी। इस अवसर पर नई कार्यकारिणी ने लुवास के सभी प्राध्यापकों के प्रति आभार प्रकट किया एवं उन्हें विश्वास दिलाया कि प्राध्यापक संघ जल्द ही शिक्षकों की लंबित मांगों के बारे में विश्वविद्यालय स्तर पर प्रदेश सरकार एवं भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद से बात करेगा।