हिसार। उमस भरी गर्मी के बीच बिजली की बढ़ती मांग से जिले की विद्युत व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। रविवार को हिसार में 1 करोड़ 17 लाख 31 हजार यूनिट बिजली की खपत दर्ज की गई। बढ़ते लोड के कारण 11 केवी के 10 फीडरों पर एक घंटे से लेकर सवा 4 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही जिससे उपभोक्ताओं को दिन और रात दोनों समय परेशानी झेलनी पड़ी।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के ब्रेकडाउन रिकॉर्ड के अनुसार जंपर टूटने के अलावा कंडक्टर टूटने, डिस्क पंक्चर और पक्षियों के संपर्क (बर्ड फॉल्ट) से भी कई स्थानों पर आपूर्ति प्रभावित हुई। हांसी के 132 केवी सब स्टेशन के हाईवे फीडर पर जंपर टूटने से करीब 1 घंटा 25 मिनट बिजली बाधित रही। वहीं 33 केवी दयाल सिंह कॉलोनी सब स्टेशन के डाडेल पार्क फीडर पर जंपर टूटने से डाडेल पार्क और सैनी कॉलोनी क्षेत्र में 2 घंटे 42 मिनट तक बिजली गुल रही।
गंगवा क्षेत्र के 33 केवी मंगाली सब स्टेशन के धमाना फीडर पर पहले कंडक्टर टूटने और बाद में डिस्क पंक्चर होने से कुल 4 घंटे 20 मिनट तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। इसके अलावा शरवा वर्क्स, भिवानी रोहिल्ला, आईटीआई और मसूदपुर फीडरों पर भी एक घंटे से अधिक समय तक बिजली बाधित रही।
बिजली निगम के कंट्रोल रूम प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि लगातार बढ़ती बिजली मांग और अधिक लोड के कारण तकनीकी फॉल्ट बढ़े हैं। जंपर टूटने और अन्य खराबियों को दूर करने में तकनीकी टीमें लगातार जुटी हैं। कुछ स्थानों पर बड़े फॉल्ट होने के कारण उन्हें ढूंढने और ठीक करने में अधिक समय लगा जिससे कई फीडरों पर लंबी कटौती करनी पड़ी।