हिसार। जिले की अनाज मंडियों में धान और बाजरे की आवक लगातार बढ़ रही है लेकिन धान की उठान धीमी है। रविवार तक मंडियों में धान की कुल आवक 22013.70 टन और बाजरे की 7396.10 टन पहुंच गई। अब तक धान की केवल 36 प्रतिशत उठान हो पाई है जबकि 64 प्रतिशत धान अभी भी मंडियों में पड़ा है।
रविवार सुबह आसमान में बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी से किसानों की चिंता बढ़ गई। मंडियों में 2493.20 टन धान की आवक हुई। उकलाना मंडी में सबसे अधिक 15016 टन धान पहुंचा। बरवाला मंडी में 4755.50 टन, पाबड़ा में 1623.80 टन और आदमपुर में 618.40 टन धान की आवक हुई।
जिले की मंडियों में बाजरे की सरकारी खरीद अब तक शुरू नहीं हुई है। आढ़ती समर्थन मूल्य से काफी कम भाव पर खुली बोली में बाजरा खरीद रहे हैं। इससे किसान निराश हैं। किसानों ने 14 अक्तूबर को मंडियों में तालाबंदी कर रोष जताने का निर्णय लिया है।
रविवार को मंडियों में 591.30 टन बाजरे की आवक हुई। इसके साथ ही कुल आवक 7396.10 टन हो गई। बरवाला मंडी में सबसे अधिक 2943.20 टन बाजरा पहुंचा। हिसार मंडी में 2501.20 टन, उकलाना में 1614.10 टन और आदमपुर में 337.60 टन बाजरे की आवक हुई।