हांसी। लोक सभा चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी व शांति पूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के उद्देश्य को लेकर हलका में जगह-जगह पुलिस नाके लगाकर हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। इन सभी नाकों पर स्टेटिक सर्विलांस की टीमें मौजूद हैं। ताकि क्षेत्र में अवैध धन, हथियार व शराब किसी भी सूरत में प्रवेश न हो सके।
एसडीएम एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी मोहित महराणा ने शनिवार को रामसिंह कॉलोनी, हाजमपुर गांव और क्षेत्र में विभिन्न जगहों पर लगाए गए नाकों का निरीक्षण दौरा किया। उन्होंने नाकों पर तैनात स्टेटिक सर्विलांस टीमों को निर्देश दिए कि उनके द्वारा जांचे गए वाहनों से संबंधित पूरा ब्योरा एक रजिस्टर में मेंटेन रखें। उन्होंने कहा कि रजिस्टर में वाहन का नंबर, वाहन के मालिक का नाम व अन्य संबंधित तमाम जानकारी अवश्य दर्ज होनी चाहिए। उन्होंने नाकों पर तैनात टीम को उनके क्षेत्र में पड़ने वाली पुलिस चौकी व सदर थाना का नंबर साथ रखने के निर्देश दिए। ताकि किसी आपातकालीन स्थिति में तुरंत अतिरिक्त पुलिस की मदद ली जा सके। उन्होंने स्टेटिक सर्विलांस टीमों को निर्देश दिए कि वह अपनी ड्यूटी को पूरी कर्तव्य निष्ठा व गंभीरता से निभाना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी टीमों को निर्देश दिए कि वाहन चेक करते समय शालीनता व संयम के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं।
उन्होंने टीमों को जानकारी देते हुए बताया कि व्यक्ति अपने साथ 50000 रुपये तक की राशि लेकर जा सकता है। इससे अधिक कैश पाए जाने पर उसे तुरंत जब्त करना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि अगर राशि 10 लाख रुपये से अधिक है, ऐसी स्थिति में तुरंत आयकर विभाग को सूचित करें ताकि उचित कार्यवाही अमल में लाई जा सके। इस दौरान निर्वाचन कानूनगो गुरुदेव शर्मा भी उपस्थित रहे।