बरवाला। पिछले लंबे समय से शहर के लोगों की मांग रही है कि शहर में विभिन्न स्थानों पर सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण करवाया जाए। नगर पालिका में हाऊस की मीटिंग में भी इस विषय को लेकर चर्चा हुई व शहर के विभिन्न स्थानों पर शौचालयों के निर्माण करवाने की बात कही गई, लेकिन एक लंबा अरसा बीत जाने के बाद भी नगर पालिका द्वारा क्षेत्र में शौचालयों का निर्माण कार्य शुरू नहीं करवाया गया है। इसको लेकर क्षेत्र के लोगों में काफी रोष है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि शहर में बाहर से खरीदारी करने आने वालों के लिए शहर में सार्वजनिक शौचालय की कोई सुविधा नहीं है। इसको लेकर खासकर महिलाओं को कई तरह की परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। नगर पालिका प्रशासन ने नए शौचालय के निर्माण की बात कहकर शहर के पुराना बस अड्डा क्षेत्र में एक शौचालय था उसको भी तुड़वा दिया, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी नगर पालिका के अधिकारी शौचालय का निर्माण नहीं करवा पाए। क्षेत्रवासियों का कहना है कि नगर पार्षदों ने शहर में विभिन्न स्थानों पर चौकों का निर्माण कार्य तो जल्द शुरु करवा दिया गया जोकि बाद में भी करवाया जा सकता था। लेकिन आम आदमी की समस्या को अनदेखा कर दिया गया है। बता दें कि नगर पालिका की हाऊस की एक मीटिंग 30 सितंबर 2023 को हुई थी, जिसमें शहर में विभिन्न स्थानों पर डीलक्स शौचालयों के निर्माण करवाए जाने के लिए 70 लाख रुपये की राशि मंजूर की गई थी। इसके 9 माह बीत जाने के बाद भी शहर में एक भी सार्वजनिक शौचालय का निर्माण आज तक नहीं हो पाया है।