हांसी कार द्वारा पीछे से टक्कर मारने के उपरांत क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी स्कूटी।
हांसी। हांसी कोर्ट से दुकान पर जा रहे स्कूटी सवार तीन युवकों को एक कार चालक ने पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद तीन युवकों ने कार से उतरकर स्कूटी सवार युवक के साथ मारपीट कर उसको जान से मारने की धमकी भी दी। हांसी शहर थाना पुलिस ने एक नामजद सहित तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
न्यू सुभाष नगर हांसी निवासी उमेश ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह मोबाइल की दुकान पर नौकरी करता है। 17 मई की सुबह करीब 11 वह हांसी कोर्ट में अपने दोस्त राहुल की जमानत करवाने के लिए गया था। जहां पर वकील ने कहा कि एक बजे लंच होगा बाद में आना। इसके बाद वह, जगन्नाथ मंडी हांसी निवासी राहुल व विकास उसकी स्कूटी पर सवार होकर दुकान पर जा रहे थे। जब वे टेलीफोन एक्सचेंज के पास पहुंचे तो पीछे से एक गाड़ी चालक ने अपनी गाड़ी को गफलत व लापरवाही से चलाकर उसकी स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद गाड़ी से मनोज जाट व उसके साथ दो-तीन अन्य युवक नीचे उतर कर आए।
उनके हाथों में लाठी और डंडे थे, उनको देखकर राहुल व विशाल मौके से भाग गए। इसके बाद कार सवारोंं ने उसके साथ मारपीट की और धमकी दी कि आज के बाद विशाल व राहुल के साथ दिखाई दिया तो जान से मार देंगे। इस घटना में उसकी स्कूटी को भी काफी नुकसान हुआ। उसने इसकी सूचना अपने भाई चिराग को दी। चिराग ने उसे इलाज के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। मामले में हांसी शहर थाना पुलिस ने एक नामजद सहित तीन युवकों के खिलाफ मारपीट करने, एक्सीडेंट कर स्कूटी को नुकसान पहुंचाने व जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।