हिसार। जिले में विकास कार्यों पर 16 करोड़ 68 लाख 67 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। जिले के गांवों व शहरों पर आबादी के अनुसार यह बजट खर्च किया जाएगा। इन कार्यों को 31 दिसंबर 2022 तक पूरा कराने का लक्ष्य तय किया गया है, जिससे बजट लैप्स न हो।
जिला विकास एवं निगरानी समिति के चेयरमैन एवं प्रदेश के बिजली मंत्री चौधरी रणजीत सिंह ने विकास योजना खर्च को मंजूरी प्रदान कर दी है। बैठक में प्रदेश सरकार की ओर से मिले 16 करोड़ 68 लाख रुपये खर्च करने पर मंथन किया गया। अलग-अलग जनप्रतिनिधियों की ओर से भेजे गए कार्यों में बेहद जरूरी कार्यों की प्राथमिकता के आधार पर सूची तैयार की गई। इसमें सभी शहरी व ग्रामीण एरिया को उनकी आबादी के अनुसार ग्रांट प्रदान की। पिछले साल करीब 11 करोड़ की ग्रांट लैप्स होने पर बिजली मंत्री चौधरी ने अधिकारियों पर नाराजगी जाहिर की और जवाब मांगा। वहीं, शहरी निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने इस मामले में जांच की अनुशंसा की। बैठक में नारनौंद के विधायक राम कुमार गौतम, हांसी के विधायक विनोद भयाना, बरवाला के विधायक जोगीराम सिहाग, मेयर गौतम सरदाना, डिप्टी मेयर अनिल मानी, उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी, अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा आदि मौजूद रहे।
एक विकास कार्य पर 25 लाख से अधिक की नहीं मंजूरी
जिला योजना के तहत पेयजल, शिक्षा, बिजली, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सिंचाई, भवनों का निर्माण, सड़क, गलियों का निर्माण, खेलकूद, महिला एवं बाल विकास, बागवानी से जुड़े कार्य कराए जाते हैं। सरकारी स्कूलों का रास्ता, आंगनबाड़ी भवन, सामुदायिक केंद्र, गांव में पेयजल की समुचित व्यवस्था करने, जोहड़ों की चहारदीवारी कराने, सार्वजनिक रास्ते को पक्का कराने, गलियों का निर्माण, स्कूलों के कक्ष, खेतों की नाली, पुस्तकालय भवन, पार्क की चहारदीवारी, रिचार्ज बोल, स्ट्रीट लाइट के काम कराए जाएंगे। एक विकास कार्य पर 25 लाख से अधिक के बजट स्वीकार नहीं किया जा सकता।
पिछले साल सबसे अधिक पैसा हुआ लैप्स
वर्ष 2021-22 के लिए आए करीब 25 करोड़ रुपये में से 11 करोड़ की राशि खर्च न होने पर लैप्स हो गई थी। सबसे अधिक करीब 9 करोड़ से अधिक रुपये पंचायती राज विभाग के लैप्स हुए थे।
जिला विकास निगरानी समिति के चेयरमैन एवं बिजली मंत्री ने डी प्लान कार्यों को मंजूरी प्रदान की है। सभी कार्य समय पर पूरे कराए जाएंगे। विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। 31 दिसंबर तक कार्य पूरा कराने का लक्ष्य तय किया गया है। - जोगेंद्र कालीरामण, जिला योजना अधिकारी, हिसार
हिसार जिले के डी प्लान बजट को मंजूरी प्रदान कर दी है। सभी विधायकों, मेयर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के कार्य इसमें शामिल किए गए हैं। करीब 16 करोड़ से कार्य कराए जाएंगे। - रणजीत सिंह, बिजली मंत्री
शहरी क्षेत्र कितना खर्च होगा
हिसार नगर निगम 1,20,26485
हांसी नगर परिषद 32,25,525
बरवाला नगर पालिका 16,12,731
नारनौंद नगर पालिका 6,40,944
उकलाना नगर पालिका 4,91,395
ग्रामीण एरिया में कितना बजट खर्च होगा
खंड आबादी बजट
आदमपुर 121808 45,28017
अग्रोहा 101193 37,61,687
बरवाला 157981 58,72,690
हांसी प्रथम 193230 71,83,015
हांसी द्वितीय 75982 28,24,509
हिसार प्रथम 195587 72,70,633
हिसार द्वितीय 167092 62,11,377
नारनौंद 123638 45,96,044
उकलाना 92473 34,37,535