हिसार। हरियाणा सरकार की महिला समर्थ संस्थान पुरस्कार योजना के तहत आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 20 नवंबर 2026 कर दी गई है। अब पात्र सरकारी और निजी संस्थान महिला एवं बाल विकास विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
विज्ञापन
उपायुक्त महेंद्र पाल ने बताया कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और समान अवसरों वाला कार्यस्थल उपलब्ध कराने वाले संस्थानों को प्रोत्साहित करना है। योजना के तहत पांच श्रेणियों में कुल 25 पुरस्कार दिए जाएंगे। इनमें सरकारी संस्थान, निजी एवं औद्योगिक क्षेत्र, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, शिक्षा क्षेत्र तथा गैर-सरकारी एवं सेवा क्षेत्र शामिल हैं। प्रत्येक श्रेणी में पांच संस्थानों को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चयन कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा, यौन उत्पीड़न अधिनियम-2013 के पालन, नियुक्ति एवं नेतृत्व में भागीदारी, बच्चों की देखभाल, लचीली कार्य व्यवस्था और शिकायत निवारण जैसे मानकों पर होगा। उपायुक्त ने पात्र संस्थानों, कंपनियों, औद्योगिक इकाइयों, अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों से आवेदन की अपील की है। पात्रता और मूल्यांकन संबंधी दिशा-निर्देश भी पोर्टल पर उपलब्ध हैं।