नारनौंद। गांव माढ़ा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र के लिए कक्षा 6, 7 और 8 में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 31 मार्च तक आवेदन जमा करवाए जा सकते हैं।
विद्यालय के मुख्याध्यापक विजेंद्र सिंह ने बताया कि यह विद्यालय ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। प्रवेश केवल ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं के लिए ही मान्य होगा। विद्यालय पूरी तरह से आवासीय है और छात्राओं को निशुल्क शिक्षा, आवास, भोजन, पाठ्य सामग्री, यूनिफॉर्म और अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाती हैं।
मुख्याध्यापक ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया में बीपीएल परिवारों की छात्राओं और जिन छात्राओं के माता-पिता का देहांत हो चुका है, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। आवेदन के समय अभिभावकों को संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करना होंगे। इस वर्ष कुल 40 सीटें खाली हैं। प्रवेश के लिए आवेदन 1 मार्च से 31 मार्च तक स्वीकार किए जाएंगे। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। संवाद