हिसार। खेल विभाग ने पिछले साल शुरू हुई खेल नर्सरियों में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को डाइट राशि दी नहीं है, लेकिन अब विभाग की ओर से नई नर्सरियां खोलने के लिए आवेदन मांग लिए हैं। ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 मार्च है। पिछले साल जिले में विभिन्न खेलों की 87 खेल नर्सरियां खोली गई थी। अभी तक नवंबर से लेकर जनवरी तक 2175 खिलाड़ियों को डाइट राशि नहीं मिली है। खेल विभाग की मानें तो जून से अक्तूबर तक 91.85 लाख रुपये खिलाड़ियों को डाइट राशि मिल चुकी है।
बता दें, कि खेल विभाग की ओर से सरकारी, निजी संस्थानों, पंचायत और निजी खेल संस्थाओं में खेल नर्सरियां खोली जाएगी। सिर्फ ओलंपिक, एशियन और कॉमनवेल्थ खेलों में शामिल खेल ही खेल नर्सरियाें में शामिल किए जाएंगे। हालांकि जिले में कितनी खेल नर्सरियां खोली जानी है इसकी जानकारी स्थानीय खेल अधिकारियों के पास भी नहीं है। इच्छुक संस्थान विभाग की वेबसाइट www.haryanasports.gov.in पर आवेदन कर सकते है। वहीं विभाग की ओर से 15 मार्च के बाद कमेटी गठित की जाएगी। इसमें कोच को शामिल किया जाएगा। जो ग्रांउड लेवल पर जाकर ग्राउंड की फिजिबिलिटी चेक करेंगे। नर्सरी के मुताबिक वहां सुविधा है या नहीं, ग्राउंड कितना बड़ा है। ग्राउंड में क्या-क्या सुविधाएं है तमाम चीजे देखी जाएगी। उसके बाद रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेजी जाएगी।
अब बायोमीट्रिक से लगेगी हाजिरी
खेल विभग के अधिकारियों की मानें तो अब बायोमेट्रिक से खिलाड़ियों से लेकर कोच की हाजिरी लगेगी। ऐसे में कोच और खिलाड़ी फरलो नहीं मार सकेंगे। जबकि अभी तक सभी की हाजिरी रजिस्टर में ही नोट होती थी। कोच की ओर से सभी खिलाड़ियों की हाजिरी खेल विभाग भेजी जाती थी। मगर इस बार विभाग की ओर से बड़ा बदलाव किया गया है।
खेल नर्सरियों के लिए आवेदन शुरू हो चुके हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 मार्च है। आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कमेटी की ओर से फिजिबिलिटी जांची जाएगी। मानकों पर खरा उतरने वालों को ही नर्सरियां अलॉट की जाएगी। - सतबीर सिंह, उपनिदेशक, खेल विभाग, हिसार।