थाना आदमपुर क्षेत्र के गांव खारा बरवाला में हुई हत्या के मामले में थाना आदमपुर पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में अब तक कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में SC/ST एक्ट की धारा भी जोड़ी गई है। उप पुलिस अधीक्षक अग्रोहा किशोरी लाल ने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार किए गए नए आरोपी की पहचान सुनील कुमार पुत्र आत्माराम निवासी चक्की चोपता, सादुलपुर, हाल भादरा बाईपास आदमपुर के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले पुलिस द्वारा मामले में जयराम पुत्र सुखदेव, अक्षय जाजूदा पुत्र सुभाष, निवासीगण गांव खारा बरवाला तथा संदीप पुत्र पुरुषोत्तम निवासी रविदास मंदिर, मंडी आदमपुर, उमेश पुत्र विनोद कुमार निवासी गणेश चौक, जवाहर नगर, मंडी आदमपुर तथा समीर पुत्र सुनील निवासी दरौली रोड, टिब्बा बस्ती, मंडी आदमपुर को गिरफ्तार किया जा चुका है।
रंजिश के चलते तेजधार हथियार व डंडों से किया था हमला
उप पुलिस अधीक्षक अग्रोहा किशोरी लाल ने बताया कि इस संबंध में गौतम पुत्र जोगीराम निवासी गांव खारा बरवाला के बयान पर थाना आदमपुर में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार शिकायतकर्ता के भाई रजनीश व विष्णु की गांव के ही जयराम व अक्षय जाजूदा के साथ रंजिश चल रही थी।
13 सितम्बर 2026 की रात करीब 9:30 से 10:00 बजे शिकायतकर्ता एवं मृतक रजनीश मोटरसाइकिल पर मंडी आदमपुर से दूध लेकर अपने घर खारा बरवाला जा रहे थे। मोटरसाइकिल में हवा कम होने के कारण उन्होंने पंवार फिलिंग स्टेशन, खारा बरवाला पर मोटरसाइकिल रोक ली। इसी दौरान आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उन पर तेजधार हथियारों एवं लकड़ी के डंडों से हमला कर दिया। हमले में रजनीश की मौत हो गई।
चार विशेष टीमों ने शुरू की थी आरोपियों की तलाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन, आईपीएस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष पुलिस टीमें गठित की गई थीं। पुलिस टीमों ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान एवं तलाश शुरू की।
मामले में एससी-एसटी एक्ट की धारा जोड़ी गई
उप पुलिस अधीक्षक अग्रोहा किशोरी लाल ने बताया कि मामले की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर एससी एसटी एक्ट की धारा भी मामले में जोड़ी गई है। पुलिस द्वारा मामले से संबंधित सभी तथ्यों एवं साक्ष्यों की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ कर जुटाई जाएगी वारदात की पूरी जानकारी ली जायेगी।