हांसी। रोडवेज कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रही। हिसार, दिल्ली, चंडीगढ़ और करनाल जाने वाले यात्रियों को निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा।
वहीं मांगों को लेकर उच्चाधिकारियों से हुई वार्ता विफल होने पर कर्मचारियों ने बस स्टैंड परिसर में हिसार रोडवेज जीएम के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। आंदोलन को तेज करने का एलान करते हुए कर्मचारियों ने सांझा मोर्चा गठित किया है। मंगलवार को हरियाणा राज्य परिवहन हिसार के महाप्रबंधक और हरियाणा सरकार के खिलाफ मार्च निकालने का ऐलान किया गया है।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में नाइट ड्यूटी भत्ता, टीए, एलटीसी, मेडिकल बिल और ओवरटाइम का लंबित भुगतान शामिल है। कर्मचारियों के अनुसार करीब साढ़े चार करोड़ रुपये का टीए और चार करोड़ रुपये का मेडिकल भत्ता बकाया है। रोडवेज कर्मचारी जयबीर घणघस और मंजीत कुमार ने बताया कि कई बार ज्ञापन देने और धरना-प्रदर्शन करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। हांसी कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि हिसार रोडवेज महाप्रबंधक करीब चार वर्षों से उनकी मांगों की अनदेखी कर रहे हैं। कौशल के तहत कार्यरत कर्मचारियों के वेतन और अन्य सुविधाओं का भुगतान भी लंबित है।
कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि बकाया राशि खातों में आने और मांगों का समाधान होने तक हड़ताल जारी रहेगी। मांगें पूरी नहीं होने पर साझा मोर्चा के आह्वान पर प्रदेशभर के करीब 20 हजार कर्मचारी प्रदेशव्यापी चक्का जाम कर सकते हैं।
प्रदर्शन में राजबीर सिवाच, मंजीत बेरवाल, सुरेश सैनी, विकास सिहाग, सोनू मोर, मनजीत सोरखी, अनित कुमार, अमित खुराना, अजय और राजबीर बुढ़ाना सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
बस न मिलने पर लौटै यात्री
हिसार डिपो और हांसी सब-डिपो की 259 बसों का संचालन प्रभावित होने से यात्रियों की परेशानी का सामना करना पड़ा। बस स्टैंड पर यात्री घंटों बसों का इंतजार करते रहे। सोमवार को वर्किंग डे होने के कारण नौकरीपेशा लोगों और विद्यार्थियों को अधिक परेशानी हुई। कई यात्रियों को बस नहीं मिलने पर वापस लौटना पड़ा। करनाल जाने वाले यात्री आजाद ने बताया कि वह काफी देर से इंतजार कर रहे हैं लेकिन कोई बस नहीं मिल रही।