हिसार। नगर निगम का बेसहारा पशु पकड़ने का महाअभियान लगातार तीसरे दिन वीरवार को भी जारी रहा। इस दौरान निगम की टीम ने ड्रोन की मदद की अवैध पशु बाड़ों को ढूंढ़ा। सेक्टर-14 पार्ट टू में एचएसवीपी की जमीन पर घनी झाड़ियों के बीच 5 पशु बाड़े बने मिले। इसके बाद टीम ने उन्हें तोड़ दिया। टीम ने सेक्टर-14 पार्ट टू व सेक्टर-33 से खुले में घूम रहे 58 गोवंश को पकड़ा, जिनमें 47 गाय, 10 बछड़े व 1 नंदी शामिल है।
उधर, पशुपालकों ने निगम के महाअभियान के विरोध में बैठक की। बैठक में पशुपालकों ने निगम प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर निगम कर्मचारी उनके घर में घुसकर पशु पकड़ेंगे तो इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। साथ ही पशुपालक शुक्रवार को उपायुक्त को ज्ञापन सौंपेंगे। बता दें कि मंगवार और बुधवार को टीम ने पड़ाव गुजरान, टिब्बा दानाशेर, स्वागत कॉलोनी, न्यू मॉडल टाउन एक्सटेंशन से 132 गोवंश को पकड़कर गोअभयारण्य भेजा था।
ऋषि नगर में खाली मिले पशु बाड़े, लोग बोले-3 दिन पहले ही शिफ्ट कर दिए थे पशु
वीरवार सुबह करीब पौने 9 बजे टीम ऋषि नगर में पहुंची। यहां एसटीपी के पास एक गली में 3 प्लॉट में पशु बाड़े मिले। हालांकि तीनों खाली मिले। आसपास के लोगों ने बताया कि इन पशु बाड़ों से तीन दिन पहले ही सारे पशु शिफ्ट कर दिए गए थे। निगम अधिकारियों की मानें तो ये पशु बाड़े धौलिया गुर्जर, हरपाल गुर्जर व सोनू गुर्जर के हैं और इनमें तीनों पशु बाड़े में 100 से ज्यादा पशु रखे जाते थे।
ड्रोन की मदद से घनी झाड़ियों के बीच मिले 5 पशु बाड़े
ऋषि नगर से टीम सेक्टर 14 पार्ट टू में पहुंची। यहां पशु न मिलने पर टीम ने ड्रोन की मदद ली। ड्रोन में निगम कर्मचारियों को घनी झाड़ियों के बीच गाय दिखीं। काफी मशक्कत के बाद टीम रास्ता ढूंढ़कर मौके पर पहुंची। गाय पर 71 नंबर लिखा हुआ था। साथ ही यहां दो पशु बाड़े मिले, जो खाली थे। इसके अलावा कुछ दूरी पर 3 और पशु बाड़े भी मिले। इनमें भी एक भी पशु नहीं था। टीम ने जेसीबी से इन पशु बाड़ों को तोड़ दिया। इसके अलावा टीम को झाड़ियों के बीच 15 गाय दिखीं, जिन्हें पकड़ लिया गया। लोगों के मुताबिक कई वर्षों से यहां पशु बाड़े बने हैं। एक बाड़े में तो भैंस भी रखी हुईं थीं। इसके अलावा टीम ने सड़कों से 43 और गोवंश भी पकड़े।
बेसहारा पशुओं काे पकड़ने का अभियान 4 दिन का था। मगर अब इसे तब तक चलाया जाएगा, जब तक शहर बेसहारा पशु मुक्त नहीं हो जाता। पशुओं की यह समस्या बहुत गंभीर रूप लेती जा रही है। - गौतम सरदाना, मेयर
पशु बाड़ा मालिक बोले-पकड़े गए पशुओं को बिना जुर्माना छोड़ा जाए
निगम के महाअभियान के विरोध में वीरवार को पशु बाड़े के मालिकों ने जिंदल पार्क में पशु डेयरी एसोसिएशन के प्रधान नंद प्रकाश पाहवा की अध्यक्षता में बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पशु पालकों के घरों से खोले गए पशुओं को किसी प्रकार का जुर्माना लगाए बिना वापस किया जाए व भविष्य में घरों से जबरदस्ती पशु न खोले जाएं। घरों से जबरदस्ती पशु खोलने वाले अधिकारी व कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज की जाए। डेयरी के लिए प्लॉट वितरित कर शहर से बाहर शिफ्ट कराया जाए।
मांगें नहीं मानी तो 3 अक्तूबर से देंगे धरना
बैठक में फैसला लिया गया कि शुक्रवार को पशु मालिक 10 बजे उपायुक्त को ज्ञापन सौंपेंगे। अगर उनकी मांगों को नहीं माना गया तो 3 अक्तूबर से नगर निगम कार्यालय के बाहर धरना शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि वे घरों से किसी हाल में पशु नहीं पकड़ने देंगे। बैठक में जय प्रकाश शर्मा, राम कुमार, रणजीत सिंह, विकास ढांडा, तरुण पाहवा आदि पशुपालक मौजूद रहे।