मंडी आदमपुर। तहसील कार्यालय के पास सोमवार सुबह बहन के प्रेम विवाह से नाराज भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक और उसके परिवार पर हमला कर दिया। हमले में युवक, उसकी पत्नी और मां गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें आदमपुर के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घायल युवक के बयान पर सात नामजद सहित 2-3 अन्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
मंडी आदमपुर निवासी यकीन उर्फ चन्नी ने बताया कि वह तहसील रोड पर सब्जी की रेहड़ी लगाता है। सोमवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे वह, उसकी पत्नी माया और मां सब्जी की रेहड़ी लगा रहे थे। उसी समय रविदास नगर निवासी योगेश उर्फ योगी, कालीरावण निवासी सचिन, विकास उर्फ सुखा, शिव कालोनी निवासी मंदीप, जगदीश, अतुल, सुशील उर्फ बच्ची व 2-3 अन्य तेजधार हथियार व डंडों लेकर आए और हमला कर दिया। शोर सुनकर लोग जमा हुए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
पीड़ित ने बताया कि उसने करीब एक साल पहले योगेश उर्फ योगी की बहन से प्रेम विवाह किया था, इसी रंजिश में हमला किया गया है। पुलिस ने सात नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 323 व 506 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।