झगड़े में घायल मसूदपुर निवासी सिवानी के एसडीएम सुरेश।
हांसी (हिसार)। गांव मसूदपुर में दीवार को लेकर सोमवार को दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। एक पक्ष के लोगों ने सिवानी के एसडीएम सुरेश कुमार के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। जख्मी हालत में उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसडीएम की दो अंगुलियां टूट गई हैं, जबकि सिर पर 16 टांके आए हैं। वहीं, दूसरे पक्ष के लोग भी झगड़े में घायल हुए हैं, उनका नागरिक अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में मसूदपुर निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि वह सिवानी में एसडीएम के पद पर नियुक्त हैं। निजी कार्य से अपने गांव आए थे। गांव में भाई सत्यवान मकान बना रहा है। उसके मकान के साथ ही बलवान का मकान है और मकान के साथ लगती दीवार उनकी है, लेकिन इस दीवार को लेकर बलवान कई बार झगड़ा कर चुका है। इस पर भाई को कहा कि बलवान की तरफ चार-पांच इंच जगह छोड़कर अपनी दीवार निकाल ले। सोमवार सुबह करीब 10 बजे भाई सत्यवान दीवार का निर्माण कार्य करवा रहा था। इसी बात को लेकर बलवाना, काला, सोनू ने झगड़ा शुरू कर दिया। जब वह समझाने के लिए गए तो आरोपी काला ने लोहे की रॉड सिर में मार दी। चोट लगने पर वह बेहाश होकर गिर गए। परिजन उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनके सिर में 16 टांके आए। पुलिस ने बलवान, काला और सोनू के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।