अल्मोड़ा। टैक्सी यूनियन के कर्मचारियों से हाथापाई का वीडियो वायरल होने के मामले में अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियन स्वीटी बूरा और उनकी बहन सीवी बूरा के खिलाफ अल्मोड़ा के थाने में शिकायत दी गई है।
बुधवार को अल्मोड़ा के स्थानीय टैक्सी यूनियन के सदस्यों ने शिकायत में मारपीट व गाली-गलौज करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं, उत्तराखंड के भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता नमन गुरुरानी, बजरंग दल के जिला संयोजक वैभव जोशी भी शिकायतकर्ताओं के समर्थन में खड़े हो गए हैं। पुलिस को दी शिकायत में एनटीडी निवासी हिमांशु पांडे ने बताया कि जब वह टैक्सी स्टैंड तिराहे से जा रहे थे, तब फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार हरियाणा के दो बहनों ने कूड़े के साथ शराब की बोतलें सड़क पर फेंकी। कूड़े को कूड़ेदान में डालने की सलाह देने पर पर्यटकों ने गाली-गलौज की और हाथापाई की।
आरोप है कि वीडियो रिकॉर्ड करते समय फोन छीन लिया और क्षतिग्रस्त कर दिया। पांडे ने आरोप लगाया कि एक युवती ने खुद को प्रशासन में होने का हवाला देते हुए धमकी दी। सोशल मीडिया पर 23, 36 और 16 सेकंड के तीन वीडियो वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में स्वीटी बूरा टैक्सी यूनियन के कर्मचारी को धकेलते, धमकी देते हुए
भी दिखाई दे रही है।
अल्मोड़ा के सीओ गोपाल दत्त जोशी ने बताया कि हाथापाई का वीडियो वायरल होने के बाद तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।