राजगढ़ रोड स्थित जेल विभाग की कॉलोनी।
हिसार। राजगढ़ रोड स्थित सेंट्रल जेल टू हिसार के पास बनी जेल विभाग की कॉलोनी में इंडोर जिम बनाया जाएगा। साथ ही कॉलोनी के पार्कों का पुनरोद्धार किया जाएगा। इसके लिए हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन की टीम ने कॉलोनी का सर्वे कर रफ कॉस्ट एस्टीमेट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कॉलोनी में करीब 70 से 75 क्वार्टर हैं और इसका निर्माण वर्ष 2021 में हुआ था। यहां तीन पार्कों में ओपन जिम, वॉकिंग ट्रैक, बच्चों के झूले और पौधारोपण किया जाएगा। इसके अलावा कर्मचारियों की सुविधा के लिए इंडोर जिम भी बनाया जाएगा।
जेल में बढ़ेंगे सीसीटीवी कैमरे
जेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए करीब 35 और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि हर गतिविधि पर निगरानी रखी जा सके। साथ ही जेल की लाइब्रेरी में भी सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी, जिससे कैदियों को पढ़ाई में सुविधा मिल सके।
कंप्यूटर लैब भी बनेगी
जेल में कंप्यूटर लैब का निर्माण भी किया जाएगा। इसके लिए भी पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन ने स्थल का निरीक्षण कर रफ कॉस्ट एस्टीमेट तैयार किया है। लैब बनने से कैदी कंप्यूटर का ज्ञान प्राप्त कर सकेंगे और जेल से बाहर आने के बाद रोजगार के अवसर बढ़ा सकेंगे।
जेल की नई कॉलोनी में पार्कों का जीर्णोद्धार किया जाएगा। साथ ही इंडोर जिम की व्यवस्था की जाएगी। जेल की सुरक्षा बढ़ाने और कैदियों के लिए सुविधाएं बेहतर करने पर काम किया जा रहा है।
- रमेश कुमार, अधीक्षक, सेंट्रल जेल टू।