हिसार। उकलाना क्षेत्र के गांव प्रभुवाला स्थित एक ईंट भट्ठे पर काम करने वाली गर्भवती महिला काजल की अस्पताल ले जाते समय तबीयत बिगड़ने से एंबुलेंस में मौत हो गई। परिजन उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। उकलाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पोस्टमार्टम करवाया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया।
मृतका काजल के पति राम अवतार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के रहने वाले हैं। वह अपनी पत्नी काजल के साथ उकलाना थाना क्षेत्र के प्रभुवाला गांव में एक ईंट भट्ठे पर रहकर मजदूरी करते हैं। राम अवतार ने बताया कि उनकी पत्नी आठ माह की गर्भवती थी। शनिवार शाम को पत्नी को पेट दर्द की शिकायत हुई थी, जबकि रविवार सुबह उसे प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।
उन्होंने एंबुलेंस को फोन कर अस्पताल ले जाने के लिए बुलाया। जब एंबुलेंस मौके पर पहुंची तो कुछ देर के लिए काजल का दर्द कम हो गया जिससे एंबुलेंस को वापस भेज दिया गया। कुछ समय बाद दर्द दोबारा बढ़ने पर फिर से एंबुलेंस बुलाई गई। इस बार काजल को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में लितानी मोड़ के पास उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
चार साल पहले हुई थी शादी
राम अवतार ने बताया कि उनकी शादी चार वर्ष पहले हुई थी और उनका एक तीन साल का बेटा है। काजल दूसरे बच्चे को जन्म देने वाली थी। पत्नी की मौत के बाद राम अवतार पर छोटे बच्चे की परवरिश की जिम्मेदारी आ गई है। पोस्टमार्टम के दौरान वह अपने बेटे को गोद में लिए अस्पताल में बैठा रहा।