हिसार। धान्सू-बुगाना रोड पर पिछले माह हुए सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद नहर के ऊपर बनी पुलिया की दीवार बनाने में लापरवाही के आरोप के बाद लोनिवि मंत्री रणबीर गंगवा के प्रतिनिधि के रूप में उनके बेटे संजीव गंगवा ने शुक्रवार को इस निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को फोन पर फटकार लगाई।
इस स्थान पर 24 सितंबर को पिकअप गाड़ी पलटने से ग्राम धान्सू निवासी 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई थी। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की ओर से मौके पर बनी पुलिया के दोनों ओर दीवारों का निर्माण नहीं कराना इस हादसे का कारण बताया गया।
हादसे के बाद लोनिवि ने सड़क पर दोनों ओर पुलिया की दीवारें बना दीं। इस पर सरपंच प्रतिनिधि सुरजीत वर्मा ने आपत्ति जताई। उन्होंने लोनिवि मंत्री रणबीर गंगवा को लापरवाही की सूचना दी। इस आधार पर उनके प्रतिनिधि के रूप में मंत्री के बेटे संजीव गंगवा ने शुक्रवार को इस निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को फोन पर फटकार लगा विभागीय मानकों के अनुसार काम करने के निर्देश दिए।