हरियाणा के हिसार जिले के नारनौंद क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 30 वर्षीय युवती ने दो नामजद व पांच अन्य युवकों पर 13 साल पहले दुष्कर्म करने, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, अप्राकृतिक यौन संबंध, गर्भपात कराने, वेश्यावृत्ति कराने, जान से मारने की धमकी व बंधक बनाने आदि का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
युवती ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि मुख्य आरोपी शशिकांत का 2009 में उसके घर आना जाना था। एक दिन आरोपी उसे किताब दिलवाने के बहाने अपने घर ले गया और वहां पर दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने उसकी वीडियो बना ली। वीडियो वायरल करने के नाम पर आरोपी उसे ब्लैकमेल करने लगा और धमकी देकर कई बार दुष्कर्म किया।
आरोपी उसे एक बार जबरदस्ती झज्जर में स्थित एक होटल में भी ले गया, जहां उसे अन्य व्यक्ति के साथ संबंध बनाने को मजबूर किया। इस दौरान वह दो बार गर्भवती भी हुई। आरोपी ने दबाव डालकर गर्भपात करवा दिया। उसने जब विरोध किया तो आरोपी ने अपने घर में बंधक बनाकर रख लिया।
दबाव बनाने के लिए उसके सभी दस्तावेज भी अपने पास रख लिए। जब उसने आरोपी के चंगुल से निकलना चाहा तो जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले में आरोपी शशिकांत व बाबा विष्णु चैतन्य व पांच अन्य के खिलाफ दुष्कर्म, सामूहिक दुष्कर्म, कुकर्म, गर्भपात, धमकी देने, मारपीट, एससी एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। डीएसपी हांसी विनोद शंकर ने बताया कि इस मामले में महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।