एशहर के एयरपोर्ट को धरातल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट बनाया गया तो शहर के विकास को पंख लगना तय है। शहर को मेट्रो से जोड़ने और भीड़-भाड़ से बचने के लिए एलिवेटेड रोड बनाए जाने के प्रस्ताव पर भी विचार हो रहा है। हिसार को रोहतक से होते हुए सीधा दिल्ली से जोड़ा जा सकता है। शुक्रवार को एयरपोर्ट के विस्तार और विकास को लेकर एयरपोर्ट परिसर में हुई बैठक में अधिकारियों ने इन प्रस्तावों पर मंथन किया। दिल्ली से पहुंचे कई विभागों के अधिकारियों ने यहां बैठक की। अधिकारियों ने एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्रों का भी दौरा कर विभिन्न प्रोजेक्ट के कार्यान्वयन की संभावनाएं तलाशी। हालांकि किसी भी अधिकारी ने मीडिया को कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। इस बैठक में जिले के भी विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिसार एयरपोर्ट को एविएशन हब के रूप में विकसित करने के लिए बैठकों के साथ कागजी प्रक्रियाएं जारी हैं। अधिकारियों द्वारा कई बड़े प्रस्तावों पर विचार किया जा रहा है। एयरपोर्ट की हवाई पट्टी और उसके संपूर्ण विस्तार के अलावा शहर में आवागमन को बढ़ाने के लिए भी शुक्रवार को बैठक में चर्चा हुई। शहर को शिक्षा, खेल और एग्रो इंडस्ट्री के हब के रूप में विकसित करने के लिए यह जरूरी है। दिल्ली एयरपोर्ट का टैफिक कम करने के लिए भी हिसार एयरपोर्ट का विस्तार महत्वपूर्ण है। सूत्रों के अनुसार जल्द ही एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, मेट्रो के अधिकारियों और स्थानीय अधिकारियों के साथ एक और बैठक होगी।