फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: एयर शोः सूर्यकिरण टीम के करतब देख रोमांच से भरे लोग, 9 जहाज भरेंगे उड़ान, सीएम सैनी करेंगे शिरकत

विज्ञापन
हिसार में एयर शो के पूर्व अभ्यास में करतब दिखाते वायुसेना के लड़ाकू जहाज।
विज्ञापन
हिसार। महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डा परिसर में रविवार को आयोजित होने जा रहे एयर शो की शनिवार को भारतीय वायु सेना की सूर्यकिरण टीम ने फाइनल रिहर्सल की। रिहर्सल के दौरान सूर्यकिरण टीम के हैरतअंगेज करतबों को देख शहरवासी और वहां मौजूद सेना छावनी के सैनिक, अधिकारी, उनके परिजन, आर्मी पब्लिक स्कूल और एनसीसी के बच्चे रोमांच से भर गए। रविवार सुबह नौ बजे होने जा रहे इस शो में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। एयर शो सूर्यकिरण टीम के नौ लड़ाकू विमान उड़ान भरेंगे और करतब दिखाएंगे।
विज्ञापन

पीने के पानी और कैप के अलावा अन्य सामान पर प्रतिबंध
उपायुक्त अनीश यादव ने बताया प्रदेश में अंबाला के बाद एयर शो के आयोजन का यह दूसरा अवसर है। यहां पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और सुरक्षा के लिए अलग-अलग टीमें नियुक्त की गई हैं। उपायुक्त ने शहरवासियों से अपील की है कि वे 9 बजे से पूर्व ही अपना स्थान ले लें, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की कोई असुविधा न हो। दर्शक अपने साथ सिर पर पहने वाली टोपी व पीने का पानी ला सकते हैं। इसके अतिरिक्त अन्य कोई भी वस्तु साथ न लाएं।
वीडियो बनाने के लिए छतों पर चढ़ गए लोग
शनिवार को सुबह करीब साढ़े 10 बजे फाइनल रिहर्सल शुरू हुई। विमानों की तेज आवाज सुनकर लोग अपने घरों की छतों पर चढ़कर वीडियो बनाने लगे। लोगों ने इन खास पलों को अपने फोन में कैद कर लिया। एक साथ नौ विमानों के करतब देखना शहरवासियों के लिए पहला अनुभव था। उपायुक्त ने बताया एयर शो के लिए कई एकड़ में फैले मैदान की सफाई करवाई गई है और वहां दरियां भी बिछाई गई हैं। इसके अलावा 15 हजार लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाई गई हैं तो लोग खुले मैदान में खड़े होकर भी विमानों के करतब देख सकेंगे। वहीं, वीआईपी के लिए सोफे का इंतजाम किया है। रविवार को भारी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
विज्ञापन

तिरंगे के रंग में सराबोर हुआ आसमान
शनिवार को फाइनल रिहर्सल के दौरान विमानों का धुआं तिरंगे के रंग में नजर आया। इसके साथ ही दो विमानों ने उल्टी दिशा में जाकर दिल की आकृति भी बनाई। इसे देख वहां बैठे लोग उत्साह से भर गए और तालियां बजाने लगे। विमानों की गर्जना और वहां चलाए जा रहे देशभक्ति के गीतों ने माहौल और वहां बैठे लोगों में और भी जोश भर दिया। हालांकि एयर शो का असर रविवार को उड़ने वाली सेवाओं पर भी पड़ेगा। एयरपोर्ट ऑथारिटी के अनुसार एयर शो के कारण जहाज आधे घंटे की देरी से उड़ान भरेंगे।
ये है सूर्यकिरण टीम, ये हैं खासियत
सूर्यकिरण की स्थापना 1996 में हुई थी। सूर्यकिरण वायु सेना की 52वीं स्क्वाड्रन का हिस्सा है। यह एरोबेटिक प्रदर्शन टीम है। इस टीम में लड़ाकू विमानों के 13 पायलट होते हैं जिसमें से 9 ही एक साथ उड़ान भरते हैं। उनके पास किरण विमान संचालन का 1,000 घंटे और लड़ाकू उड़ान का लगभग 2,000 घंटे का अनुभव होता है। सूर्य किरण टीम ने अपना पहला सार्वजनिक प्रदर्शन 15 सितंबर, 1996 को कोयंबटूर स्थित वायुसेना प्रशासनिक महाविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह में दिया था। सूर्य किरण की टीम में शामिल पायलटों ने हिसार के शहीद विंग कमांडर साहिल गांधी के परिवार को एयर शो का निमंत्रण उनके घर जाकर दिया है। मालूम हो कि 2019 में बंगलूरू में भारतीय वायुसेना की हवाई करतब टीम सूर्य किरण के दो विमान टकराने के दौरान हादसे में साहिल गांधी शहीद हो गए थे।
विज्ञापन

ये है विमान की खासियत
लंबाई - 34 फीट 9 इंच
विंगस्पैन- 35 फीट 1 इंच
ऊंचाई-11 फीट 11 इंच
खाली वजन- 2560 किलो
अधिकतम टेकऑफ वजन- 4235 किलो
स्पीड- 695 प्रति घंटे
अधिकतम ऊंचाई- 30,020 फीट
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें