जीएचसीसी की तरफ से आयोजित सेमिनार में मौजूद उद्यमी।
हिसार। ग्रेटर हिसार चैंबर ऑफ कॉमर्स (जीएचसीसी) ने रविवार को एक निजी रेस्तरां में व्यवसाय वृद्धि में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डिजिटल मार्केटिंग की भूमिका विषय पर सेमिनार का आयोजन किया।
विशेषज्ञ नितिन गोयल ने कहा कि एआई कार्यक्षमता को बढ़ाने, लागत को कम करने, ग्राहकों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने और निर्णय लेने की क्षमता में सुधार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इससे पहले जीएचसीसी के संस्थापक सदस्य अक्षय मलिक ने बताया कि जीएचसीसी का मुख्य उद्देश्य हिसार के विकास को बढ़ावा देना, उद्योगों और व्यवसायों के लिए सकारात्मक माहौल तैयार करना है। स्टार्टअप स्थापित करने वाले प्रतीक केडिया ने कहा कि स्टार्टअप के सफर में कई बार आपको हतोत्साहित करने वाले लोग मिलेंगे, लेकिन खुद पर विश्वास और जिज्ञासु होने की जरूरत है।
डिजिटल मार्केटिंग एक्सपर्ट नंदिनी शर्मा ने कहा कि आज अधिकतर लोग इंटरनेट और सोशल मीडिया का प्रयोग कर रहे हैं और डिजिटल मार्केटिंग से प्रभावित होकर खरीदारी भी करते हैं। ऐसे में डिजिटल वर्ल्ड में बिजनेस को बढ़ाने के लिए डिजिटल मार्केटिंग आवश्यक है। जीएचसीसी के संस्थापक सदस्य मोहित अरोड़ा ने बताया कि कोई भी उद्यमी या व्यवसायी किस प्रकार जीएचसीसी की सदस्यता ले सकता है। संस्थापक सदस्य मनीष गोयल, अनय मित्तल, अक्षय मलिक, पवनीश गर्ग, दीपक अग्रवाल, प्रदीप बंसल, मोहित जैन, मोहित अरोड़ा आदि मौजूद रहे।