हिसार। स्वतंत्रता दिवस पर इस बार जिला स्तरीय समारोह हांसी के शहीद स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने बताया कि हांसी में मनाए जाने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में कृषि एवं किसान कल्याण व पशु पालन मंत्री जयप्रकाश दलाल ध्वजारोहण करेंगे। वहीं महाबीर स्टेडियम में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में सांसद बृजेंद्र सिंह, बरवाला में विधायक राम कुमार गौतम व नारनौंद में विधायक विनोद भयाना ध्वजारोहण करेंगे।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा सभी स्थानों पर मनाए जाने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। समारोह में विभिन्न टुकड़ियां मार्चपास्ट करेंगी और शिक्षण संस्थाओं के विद्यार्थी देश भक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देगें। इसके अलावा विद्यार्थी सामूहिक पीटी, डंबल व लेजियम का प्रदर्शन करेंगे। जिला स्तरीय समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों, विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
महाबीर स्टेडियम के पास पांच जगह लगेंगे नाके
पुलिस प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के मद्देनजर महाबीर स्टेडियम में होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान आसपास पांच जगह नाके लगाए गए हैं। मधुपार्क के सामने, शर्मा अस्पताल, जिंदल टावर और एचएयू के गेट नंबर एक के सामने नाकबंदी की गई है। स्टेडियम में आने वाले हर शख्स की गहनता से चेकिंग की जाएगी। इसके अलावा महाबीर स्टेडियम की सुरक्षा को तीन भागों में बांटा है। स्टेडियम के अंदर और बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। मुख्य द्वारा से वीआईपी की एंट्री होगी। आमजन के लिए मधुबन पार्क की तरफ बनाए गए प्रवेश द्वारा और पंचायत भवन की तरफ बनाए गए प्रवेश द्वारा से एंट्री होगी।
सादी वर्दी में तैनात होंगे पुलिस कर्मी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े प्रबंध किए है। स्टेडियम के चारों तरफ पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाई गई है। स्टेडियम के अंदर और बाहर सादी वर्दी में पुलिस कर्मचारी निगरानी रखेंगे। इसके अलावा शहर के बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस गश्त बढ़ा दी है। जिले के होटलों, धर्मशालाओं की चेकिंग की जा रही हैं।
आज इन्हें किया जाएगा सम्मानित
विभाग पद सम्मानित
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग उप निदेशक अर्चना
समग्र शिक्षा सहायक परियोजना संयोजक सुरेंद्र सिंह कैरो
पुलिस विभाग एएसआई राजेश कुमार, सुभाष
शिक्षा विभाग -- सनवी
तहसील कार्यालय कानूनगो कर्मबीर
बिजली निगम लाइनमैन हुन्नामल
चुनाव कार्यालय जूनियर प्रोग्रामर होशियार सिंह
रेडक्रॉस -- ओमकुमार गर्ग
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय -- हर्षिता मोर व मोनिका (खिलाड़ी)
राजकीय महाविद्यालय हिसार असिसटेंट प्रोफेसर राजेश पूनिया
खंड शिक्षा अधिकारी हांसी कला शिक्षक जयभगवान वर्मा
सिविल सर्जन कार्यालय -- कृष्ण कुमार
पर्वतारोही रोहताश खिलेरी
खिलाड़ी बिमला देवी
पुलिस पदक से सम्मानित होंगे आईजी
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सोमवार को पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राकेश कुमार आर्य को पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। 19 वर्ष की सराहनीय सेवाओं के लिए गृहमंत्रालय द्वारा उनका चयन पदक के लिए किया गया है।
2003 बैच के आईपीएस राकेश कुमार आर्य 6 जिलों में पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक जीआरपी, डीसीपी गुरजग्राम के अलावा डीआईजी गुप्तचर विभाग, डीआईजी प्रशासन एवं कानून व्यवस्था के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने युनाइटेड किंगडम से हायर स्टडी फेलोशिप व अमेरिका में एक वर्ष तक पब्लिक पॉलिसी एवं प्रशासन विषय पर विशेषज्ञता हासिल की है। मई 2021से हिसार मंडल में आईजी का पद संभाला हिसार मंडल मे कानून व्यवस्था बनाए रखने व आम जन की सुरक्षा के लिए कार्य किया है।
नशा एवं हिंसामुक्त, मेरा गांव मेरी शान, विशेष अभियान चलाकर भटके युवाओं को सही राह पर लाने का प्रयास किया। इस अभियान के तहत हिसार मंडल के 52 गांवों में 750 ऐसे लोगों की पहचान की जो नशे की लत में पड़े थे। इनमें से 350 लोग नशे की लत से छुटकारा पाने के लिए अपना उपचार करवा रहे हैं।