हिसार। वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर 21 अगस्त को अग्रवाल वैश्य समाज की तरफ से 11 हजार बुजुर्गों को सम्मानित किया जाएगा। हिसार समेत प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर संगठन इसके लिए कार्यक्रम का आयोजन करेगा। हिसार में यह कार्यक्रम लीलावती पैलेस में होगा।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए आयोजन समिति के सदस्य राजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि 70 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके तमाम वरिष्ठ नागरिक खुद को अकेला महसूस करने लगते हैं, जबकि इनमें से अधिकांश लोग किसी न किसी महत्वपूर्ण पद पर रहते हुए देश व समाज की सेवा कर चुके होते हैं। ऐसे लोगों को अपनेपन का एहसास कराने के लिए संगठन ने वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। हिसार में अभी 125 बुजुर्गों को इसके लिए चिह्नित किया जा चुका है। संगठन के सदस्य 70 साल से अधिक उम्र वाले बुजुर्ग के घर जाकर उन्हें इस कार्यक्रम के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।