हिसार। हिसार कैंट में चल रही अग्निवीर भर्ती में सोमवार को हिसार के अलावा जींद, फतेहाबाद और सिरसा जिले की सभी तहसीलों के युवाओं की भर्ती हुई। सेना की ओर से अग्निवीर ट्रेड्समैन व तकनीकी पदों के लिए भर्ती की गई थी। इसके लिए 2100 युवाओं को बुलाया गया। जिसमें से 1400 युवाओं ने पहुंचकर दौड़ लगाई।
सेना अधिकारियों के अनुसार मंगलवार को अग्निवीर जीडी के प्रवेश के लिए हिसार और जींद की तहसील से पंजीकरण करवाने वाले करीब 2400 युवा परीक्षण के लिए रैली स्थल पर पहुंचेंगे। गौरतलब है कि 17 अगस्त और 22 अगस्त को निर्धारित रैली मौसम खराब होने के कारण आयोजित नहीं की जा सकी थी। इसलिए इन उम्मीदवारों को रैली में शामिल होने का अवसर दिया गया है। एआरओ भर्ती निदेशक ने युवाओं से आग्रह किया है कि वे प्रवेश पाने के लिए अनुचित साधनों का उपयोग न करें। क्योंकि वे स्वचालित स्कैनिंग और पहचान की विभिन्न प्रक्रियाओं में फंस जाएंगे। केवल वैध उम्मीदवारों को रैली में भाग लेने का मौका प्रदान करने के लिए सख्त जांच और प्रवेश प्रणाली स्थापित की गई है। 23 अगस्त की भर्ती रैली के सफल अभ्यर्थियों का चिकित्सा निरीक्षण 24 अगस्त तक चलेगा। उन्होंने युवाओं से अपील की वह किसी दलाल के चक्कर में फंसकर अपना भविष्य खराब न करें। भर्ती मानकों के आधार पर ही की जा रही है।