हिसार। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) परिसर की लेबर कॉलोनी में युवक सन्नी (23) की हत्या के बाद आरोपी राहुल ने वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड कॉलोनी में ही छिपा दी थी।
पुलिस ने शनिवार को आरोपी की निशानदेही पर रॉड बरामद कर ली। सिविल लाइन थाना पुलिस ने राहुल को अदालत में पेश किया जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
विज्ञापन
लेबर कॉलोनी निवासी सन्नी के पिता जयबीर के बयान पर पुलिस ने कॉलोनी निवासी राहुल और उसके तीन अन्य साथियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की थी। मामले के जांच अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि शिवरात्रि की रात से ही सन्नी के साथ उसका विवाद चल रहा था।
इसी रंजिश में उसने सन्नी की हत्या करने की ठान ली थी। आरोपी के अनुसार वीरवार रात सन्नी घूम रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर वह अपने तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा और मौका पाकर उसके सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया।