हांसी। जिन हैप्पी कार्ड धारकों को कार्ड लिए एक वर्ष का समय पूरा हो गया है उन कार्ड धारकों के लिए राहत के लिए खबर है। एक साल पूरा होने के बाद अब हैप्पी कार्ड ऑटोमेटिक रिचार्ज होने शुरू हो गए हैं। इससे कार्ड धारक दोबारा से एक साल तक रोडवेज बसों में एक हजार किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा कर सकते हैं।
दरअसल प्रदेश सरकार की ओर से पिछले वर्ष मार्च महीने में हैप्पी कार्ड योजना शुरू की गई थी। अप्रैल महीने के शुरू में कार्ड वितरित किए गए थे। हांसी सब डिपो से 62,747 आवेदक कार्ड ले जा चुके हैं। हैप्पी कार्ड के जरिए लाभार्थी रोडवेज बसों में हर साल एक हजार किलोमीटर तक मुफ्त सफर कर सकता है। कार्ड धारकों को यह चिंता थी कि एक वर्ष के बाद फिर से एक हजार किलोमीटर कार्ड में जुड़ेंगे या नहीं।
बता दें कि यह कार्ड रोडवेज में परिचालकों की ओर से प्रयोग की जा रही ई टिकटिंग मशीनों से जुड़ा है। परिचालक को कार्ड दिखाने के बाद पात्र लाभार्थी को जीरो बैलेंस का टिकट जारी किया जाएगा।
ऐसे बनेगा हैप्पी कार्ड
जिस परिवार की आय परिवार पहचान पत्र में एक लाख रुपये से कम है, वह हैप्पी कार्ड के लिए अटल सेवा केंद्र पर जाकर विभाग की साइट पर ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकता है। उपभोक्ता को पंजीकरण करवाते समय दिया गया रजिस्ट्रेशन नंबर साथ लेकर आना होगा। उपभोक्ता को पंजीकरण करवाते समय दिए गए मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आएगा। हैप्पी कार्ड जिस भी व्यक्ति का होगा, उसका आधार कार्ड, फैमिली आईडी और पैन कार्ड आदि दस्तावेज चेक करने के बाद ही रोडवेज कर्मचारी उसे कार्ड देंगे। कार्ड के लिए आवेदक को 50 रुपये शुल्क के रूप में देने होंगे। हैप्पी कार्ड परिवार के प्रत्येक सदस्य का अलग बनेगा। वहीं हैप्पी कार्ड बनने पर बस स्टैंड से रोडवेज कर्मचारी आवेदक को फोन करके बुलाएंगे। जिसके बाद उन्हें कार्ड जारी किया जाता है। बस स्टैंड पर आवेदकों को फोन करने के लिए चार कर्मचारियों की ड्यूटी लगा रखी है।
26 हजार कार्ड धारक हैं इंतजार में
उपमंडल में करीब 26,491 आवेदक अपने हैप्पी कार्ड के इंतजार में हैं। सब डिपो में अब तक 95,424 लोग ने हैप्पी कार्ड के लिए आवेदन कर चुके हैं। इसमें से 68,933 आवेदकों के हैप्पी कार्ड तैयार होकर बस स्टैंड पर आ चुके हैं। जिसमें से 62,747 आवेदक कार्ड ले जा चुके हैं। 6186 आवेदकों ने कार्ड नहीं लिया है। सब डिपो में हैप्पी कार्ड की आखिरी खेप पांच नवंबर को आई थी। तब पांच हजार हैप्पी कार्ड आए थे। उसके बाद से अब तक हैप्पी कार्ड नहीं आए हैं। हैप्पी कार्ड न आने के कारण आवेदक भी परेशान हो रहे हैं।
जिन कार्डों को जारी हुए एक वर्ष का समय हो गया है, उनमें एक हजार किलोमीटर जुड़ने लगे हैं। कई कार्डों में किलोमीटर जुड़े हैं। हालांकि इसके लिए कोई अधिकारिक पत्र नहीं आया है।- प्रवीन दूहन, इंचार्ज, कंप्यूटर शाखा, सब डिपो