हिसार। गोगामेड़ी मेले के लिए स्थानीय बस स्टैंड से हर 40 मिनट के बाद यात्रियों के लिए बस सेवा शुरू कर दी गई है। दो रोडवेज बसों के बाद दो निजी बसें रवाना की जा रही हैं। वहीं बस स्टैंड पर अलग से काउंटर बनाया गया है, जहां सात कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
वीरवार शाम सवा पांच बजे तक हिसार से गोगामेड़ी के लिए 10 रोडवेज और 10 प्राइवेट बसें भेजी गईं। सभी बसें बस स्टैंड के पिछले गेट से बाईपास होते हुए निकाली जा रही है। काउंटर पर तैनात कर्मचारी बसों के नंबर, समय और चक्कर रजिस्टर में नोट कर रहे हैं। हिसार से गोगामेड़ी का किराया 85 रुपये है। गोगामेड़ी मेले को देखते हुए 21 अगस्त तक रोडवेज की ओर से स्पेशल बसें चलाई जाएंगी।
चार जगह बनाई चेक पोस्ट
रोडवेज की ओर से हिसार, भादरा, गोगामेड़ी और डाबड़ी के पास चेक पोस्ट बनाई गई है। जहां बसों की चेकिंग होगी। इसके अलावा रोडवेज की तीन फ्लाइंग टीम की ड्यूटी लगाई गई है। उल्लेखनीय है कि अभी तक दो रोडवेज की बस गोगामेड़ी होकर जाती थी। इनमें एक बस सुबह हिसार से 6:10 बजे और दूसरी बस सुबह 8 बजे रवाना होती है। अब मेले को देखते हुए प्रत्येक 40 मिनट बाद बस स्टैंड से बसों की सुविधा दी जा रही है।
सभी बसों का सुचारु रूप से संचालन किया जा रहा है। मुख्य गेट के पास से ही श्रद्धालुओं को बस की सुविधा मिल रही है। - पटेल सिंह, इंस्पेक्टर, रोडवेज