हिसार। छुट्टी के दिन रविवार को फूलों के शौकीन लोगों को अधिकतर समय हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में चल रहे शहरी खेती एक्सपो एवं पुष्प उत्सव में लगी पुष्प प्रदर्शनी में फूलदार पौधों को निहारने में बीता। परिवार संग आए पर्यावरण प्रेमियों ने फूलों के साथ सेल्फी लीं, वहीं बच्चों ने झूलों का आनंद लिया।
तीन दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी के अंतिम दिन सुबह से ही लोग एचएयू के गेट नंबर चार पर पहुंचने लगे थे। फूलों से लकदक पौधों को निहारते हुए अलग-अलग सेक्शन में जाकर इनकी खूबियों को जाना। तुर्किये से लाया गया एकमात्र साइलामेन पौधे ने हर किसी का ध्यान खींचा। खासकर महिलाओं व युवतियों को यह पौधा खूब भाया। साइलामेन पौधे को सजावटी पौधों की श्रेणी में रखा जाता है। यह इकलौता पौधा है, जिसे घर के अंदर सजाने पर भी फूल खिलते हैं।
दूसरी खास बात यह है कि इसके फूल सिर्फ जनवरी व फरवरी माह में खिलते हैं, जबकि शेष 10 माह अपने फूलों को छोटे-छोट तनों में छिपाकर रखता है। यह पौधा सर्दी के मौसम में पहाड़ी हिस्सों में अपनी रंगत पर होता है।