आदमपुर से भाजपा-जजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई (29) ने बुधवार को निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के समय उनकी दादी पूर्व विधायक जसमा देवी, पिता कुलदीप बिश्नोई, माता रेनुका बिश्नोई उपस्थित थे। भव्य दूसरी बार चुनावी मैदान में उतरे हैं। इससे पहले वर्ष 2019 में कांग्रेस की टिकट पर हिसार लोकसभा से प्रत्याशी बने थे।
भाजपा प्रत्याशी भव्य के नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान भाजपा की ओर से प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, चुनाव प्रभारी जेपी दलाल, जेजेपी के प्रदेश अध्यक्ष निशान सिंह, डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, राज्यसभा सदस्य कृष्ण लाल पंवार, डॉ. डीपी वत्स, फतेहाबाद विधायक दुड़ाराम, जोधपुर से पूर्व सांसद जसवंत बिश्नोई, नोखा से भाजपा विधायक बिहारी लाल, हांसी विधायक विनोद भयाना, पूर्व मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कैप्टन भूपेंद्र, मेयर गौतम सरदाना, जेजेपी जिलाध्यक्ष रमेश गोदारा आदि उपस्थित थे।
साथ निभाने के लिए 26 साल का वनवास स्वीकारा: भव्य
वहीं, मीडिया से बातचीत में भव्य बिश्नोई ने कहा कि आदमपुर उपचुनाव में उतरना गौरवमयी क्षण है। हलके के लोगों के आशीर्वाद से आदमपुर में कमल खिलाएंगे। कठिन से कठिन दौर में भी आदमपुर के लोगों ने दादा और पिता का साथ दिया है। साथ निभाने के लिए 26 साल का कठोर वनवास स्वीकारा। आदमपुर के लोगों की राय लेकर ही इस वनवास को समाप्त करने के लिए विधानसभा से त्यागपत्र दिया था। पार्टी ने मुझे चौ. भजनलाल के सपनों को पूरा करने की जिम्मेदारी सौंपी है। मैं पार्टी और आदमपुर के लोगों के विश्वास को कायम रखूंगा।
प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि भव्य युवा व सुशिक्षित हैं। हमें पूर्ण विश्वास है कि वे विधायक बनकर स्व.चौ. भजनलाल के पदचिह्नों पर चलते हुए हलके के लोगों की सेवा करेंगे। आदमपुर के अलावा पार्टी को भी उनसे बहुत उम्मीदें हैं। आदमपुर उपचुनाव हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने की नींव रखेगा।
यह भी पढ़ें : आदमपुर उपचुनाव: टिकट की घोषणा के बाद कांग्रेस-आप में घमासान, टिकट के दावेदारों ने छोड़ी पार्टी
कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि आदमपुर चौ. भजनलाल का परिवार है। हमारे बीच नेता -मतदाता का नहीं, बल्कि पारिवारिक रिश्ता है। चुनाव पूरा हलका मिलकर लड़ता है। विपक्षियों को दूसरे व तीसरे नंबर के लिए लड़ना पड़ता है। भव्य से आदमपुर के लोगों को बहुत उम्मीदें हैं।
7.35 करोड़ के मालिक भाजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई पर 1.67 करोड़ की देनदारी
आदमपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई की चल संपत्ति तीन साल में सात गुना बढ़ गई है। बुधवार को नामांकन पत्र के साथ दिए गए शपथ पत्र के मुताबिक उनके पास कुल चल संपत्ति 73510653 रुपये की है, जबकि कुल देनदारी 16756838 रुपये की है। तीन साल पहले लोकसभा चुनाव के दौरान उनके पास 13222775 रुपये की चल संपत्ति थी। वर्ष 2019 में उन्होंने 2 करोड़ 50 लाख रुपये की अचल संपत्ति दर्शायी थी, लेकिन उनके पास कोई अचल संपत्ति नहीं है।
नामांकन पत्र के साथ दिए शपथ पत्र में 29 वर्षीय भव्य बिश्नोई ने अपनी संपत्ति की जानकारी देते हुए बताया कि उनके पास 4 लाख रुपये कैश सहित कुल 73510653 रुपये की प्रॉपर्टी है। उनके पास करीब 46627000 रुपये की कीमत के शेयर बांड हैं। उनपर 15637530 रुपये की देनदारी है।
साथ ही करीब 1119308 रुपये का जीएसटी अदा करना है। तीन साल में उनका कर्ज कम हुआ है। भव्य के पास अपनी खुद की गाड़ी नहीं है। दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में उन पर इनकम टैक्स का केस चल रहा है। इस केस को खत्म करने के लिए भव्य बिश्नोई ने एप्लीकेशन दी हुई है।
भव्य बिश्नोई ने 2019 में हिसार से लोकसभा चुनाव लड़ा था। उस समय दिए गए शपथ पत्र में बताया था कि उसके पास 1076181 रुपये की नकदी है। उनकी सालाना आय 1352930 रुपये थी। उनके पास 13222775 रुपये की चल तथा 2 करोड़ 50 लाख रुपये की अचल संपत्ति थी। सरकार को 58102 रुपये अदा करने थे, जबकि 17920414 रुपये का लोन था। वर्ष 2019 में भव्य ने अपनी सालाना आय 9 लाख 6 हजार रुपये बताई थी। अब उनकी सालाना आय 23 लाख रुपये है।
माता-पिता की संपत्ति का ब्योरा नहीं
भव्य बिश्नोई अविवाहित हैं। भव्य ने अपने शपथ पत्र में अपने पिता, माता की संपत्ति का ब्योरा नहीं दिया है।