नारनौंद। कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ ने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग पर पार्टी के पांच विधायकों को गद्दार कहा है। उनका कहना कि इन विधायकों ने पार्टी की छवि धूमिल की है और हाईकमान को तुरंत सख्त कदम उठाकर उन्हें बाहर करना चाहिए। अनाज मंडी में पत्रकारों से बातचीत में पेटवाड़ ने कहा कि क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों के नाम सार्वजनिक हो चुके हैं। चार नाम पहले ही उजागर हो चुके थे, जबकि शुक्रवार को रतिया विधायक का नाम सामने आया।
उन्होंने आरोप लगाया कि इन विधायकों ने पार्टी के अंदर रहकर ही विरोधी उम्मीदवार के पक्ष में वोट देकर गद्दारी की। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा ने कुछ विधायकों को डराने और प्रलोभन देने का प्रयास किया लेकिन अधिकांश विधायक दबाव में नहीं आए।
कैप्टन अभिमन्यु और सरकार पर निशाना
विधायक पेटवाड़ ने पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु पर भी हमला बोला। जाट आरक्षण सम्मान समारोह का उदाहरण देते हुए उन्होंने सवाल किया कि किसान आंदोलन में शहीद हुए 750 किसानों के लिए क्या सम्मान मिलेगा? उन्होंने बुडाना गांव में हुए दोहरे हत्याकांड के बाद मुआवजे और किसानों के हितों पर भी सवाल उठाए। पेटवाड़ ने सरकार की नीतियों को किसान विरोधी बताया और कहा कि करीब पांच लाख किसानों ने मुआवजे के लिए आवेदन किया, लेकिन केवल 53 हजार को राहत मिली, जबकि फसल बीमा कंपनियां मुनाफा कमा रही हैं।