हिसार। कृष्णा नगर स्थित एक बंद आवास से सोने के जेवरात चोरी करने के मामले में अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने कृष्णा नगर निवासी अर्जुन उर्फ अज्जू को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी से चोरी किए गए जेवरात बरामद किए हैं। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया। मामले की जांच कर रहे मुख्य सिपाही जय प्रकाश ने बताया कि कृष्णा नगर में रहने वाली महिला ने बताया था कि वह 20 नवंबर को घर के दरवाजे पर ताला लगा कर पंजाब के होशियारपुर गई थी। 15 दिसंबर को पड़ोसी ने फोन कर दरवाजे पर लगा ताला टूटे होने की सूचना दी। जब घर आकर देखा तो कमरे के अंदर रखा हुआ सामान बिखरा पड़ा था। चोर अलमारी के अंदर रखे हुए पांच तोले सोने के जेवरात चोरी कर ले गया था। उक्त मामले में आरोपी अर्जुन को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। अर्जुन पर 10 आपराधिक मामले पहले दर्ज है।
खराद की दुकान से समान चोरी करने के दो आरोपी गिरफ्तार
हिसार। सुरेवाला चौक स्थित खराद की दुकान से सामान चोरी करने के मामले में उकलाना थाना पुलिस ने दो आरोपियों बिठमड़ा निवासी दीपक और संदीप को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से वारदात के दौरान इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया। जांच अधिकारी ने बताया कि खैरी निवासी सुनील कुमार ने 29 जून को शिकायत दी थी उसकी सुरेवाला चौक के पास खराद की दुकान है। चोर रात को दुकान से सामान चोरी कर ले गए। उक्त मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों दीपक और संदीप को गिरफ्तार किया है।