हिसार। मंगाली चौकी पुलिस ने शुक्रवार को गांव डाया स्थित शराब ठेके में आगजनी करने के मामले में आरोपी प्रदीप उर्फ मंडी, निवासी डाया को गिरफ्तार किया है। जांच अधिकारी एएसआई विनय कुमार ने बताया कि 30 अक्तूबर को डाया गांव के शराब ठेके पर आग लगाने की सूचना मिली थी।भिवानी जिले के गांव सिंघानी निवासी रामकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह डाया गांव में शराब की दुकान चलाता है। घटना की रात करीब 12 बजे उसका सेल्समैन संदीप दुकान पर सोया हुआ था। तभी दो से तीन अज्ञात व्यक्तियों ने पेट्रोल छिड़ककर दुकान में आग लगाने की कोशिश की, जिससे वहां रखा फ्रीज जलने लगा। हालांकि संदीप समय रहते जाग गया और आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आजाद नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी प्रदीप उर्फ मंडी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। ब्यूरो
-
दिनदहाड़े मकान का ताला तोड़कर जेवर और नकदी चोरी
हिसार। न्यू ऋषिनगर में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक मकान का ताला तोड़कर चोर सोने-चांदी के गहने और 30 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। यूपी के मुरादाबाद जिले के गांव अमीरपुर निवासी नानक चंद ने सिटी थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह न्यू ऋषिनगर गली नंबर 6 में राजकुमार के मकान में किराये पर रहता है। वीरवार सुबह वह अपने परिवार सहित काम पर गया था। शाम करीब पांच बजे लौटने पर कमरे का ताला टूटा मिला। संदूक का ताला भी तोड़ा गया था और उसमें रखे जेवर व नकदी गायब थे। पुलिस प्रवक्ता विकास के अनुसार, मामले में चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। ब्यूरो