हांसी। प्राइवेट स्कूल संघ ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा की परीक्षा में गणित के पेपर में पाठ्यक्रम से बाहर प्रश्न आने पर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। प्राइवेट स्कूल संघ ने मांग की है कि आगामी पेपरों की जांच करवाकर परीक्षा ली जाए।
वहीं गणित के पेपर में प्रदेश भर के प्रत्येक विद्यार्थी को कृपांक दिए जाए। ज्ञापन संघ के उपप्रधान मनोज आहूजा की अध्यक्षता में दिया। हिंदू सीनियर सेकेंडरी स्कूल के निदेशक अनिल कुमार ने बताया कि सितंबर की परीक्षा में भी पैटर्न अप्लाई नहीं हुआ। पहली बार इस पैटर्न का पेपर आया है। जिससे विद्यार्थी काफी निराश हैं। सतीश वर्मा ने कहा कि प्रश्न पत्र सैम्पल पेपर से मैच नहीं हुआ। आनंद निकेतन स्कूल के संचालक तिलक राज मेहन्दीरता ने कहा कि 95 प्रतिशत से अधिक अंक लेने वाले विद्यार्थी 70 प्रतिशत अंकों पर ही रुक जाएंगे।
संघ के प्रधान रविंद्र अत्री ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी ई-मेल के माध्यम से सूचना दी है। उन्होंने कहा कि बोर्ड ने जिस पाठ्यक्रम को हटाया था उसमें से भी प्रश्न पेपर में दे दिए।
गणित विषय का पेपर बोर्ड लेवल से बाहर का
बरवाला। प्राइवेट स्कूल संघ हरियाणा ने दसवीं कक्षा के गणित विषय का पेपर बोर्ड लेवल से बाहर का आने पर शिक्षा बोर्ड व सरकार से तुरंत प्रभाव से संज्ञान लेने व विद्यार्थियों को राहत देने की मांग की है।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष सत्यवान कुंडू व अन्य पदाधिकारियों ने कहा है कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से 28 फरवरी को कक्षा दसवीं की गणित विषय की परीक्षा ली गई थी।
उस दिन गणित विषय का पेपर बोर्ड लेवल का न होकर कंपीटिशन लेवल से भी अधिक कठिन व पिछले वर्षों के पेपरों से सौ प्रतिशत अलग था। जिस कारण विद्यार्थी व अध्यापक शिक्षा बोर्ड की खामियों को लेकर काफी नाराज दिखाई दिए।
विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए प्राइवेट स्कूल संघ हरियाणा ने शिक्षा बोर्ड, एनसीईआरटी व हरियाणा सरकार से मांग की है कि गणित विषय के पेपर में जो भी खामियां रही हों उन्हें तुरंत प्रभाव से दूर किया जाए और बच्चों को ग्रेस मार्क्स जैसी राहत प्रदान की जाए।