हिसार। थाना सदर की टीम ने पेट्रोल पंप पर हथियार के बल पर डीजल लूटने के मुख्य आरोपी फतेहाबाद जिले के गांव सिंथला निवासी सुभाष को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान सुभाष ने वारदात में शामिल अपने उन दो अन्य साथियों के नाम और ठिकानों का खुलासा कर दिया है जो मौके से हथियार सहित भाग गए थे। आरोपी की शिनाख्त पर पुलिस टीम ने फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों और उनके घरों पर दबिश दे रही है।
पुलिस प्रवक्ता दीपक ने बताया कि 5 अप्रैल दोपहर करीब 1:58 बजे कैंट स्थित अंकुर फिलिंग स्टेशन पर स्विफ्ट कार में सवार तीन युवकों ने 5149.65 रुपये का डीजल भरवाया था। भुगतान मांगने पर आरोपियों ने शिकायतकर्ता अंकुर श्योराण (अधिवक्ता) पर हथियार तान दिए और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए थे। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा कर चालक सुभाष को मय्यड़ टोल के पास से दबोचा था जबकि अन्य दो भाग निकले थे। पूछताछ में यह सामने आया है कि आरोपी पहले भी फतेहाबाद और टोहाना में इसी तरह की लूट की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं और यह एक पेशेवर गिरोह की तरह काम कर रहे थे।