हिसार। थाना आजाद नगर क्षेत्र में भट्ठे पर काम करने वाले मुंशी की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी शिवराम को गिरफ्तार कर लिया है।
इस संबंध में रामसिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी। उसने पुलिस को बताया कि वह कैमरी के आलोक भट्ठा मिरका पर मेहनत मजदूरी का काम करता है। उसके पिता मोहनलाल भी इसी भट्ठे पर मुंशी थे। 11 दिसंबर शाम करीब 7 बजे वह अपने पिता को खाना देने उनके ऑफिस में गया तो उनके पिता ने मना कर दिया था। इसके बाद वह फिर से 7.30 बजे गए तो उसके पिता मोहनलाल पाल और शिव कुमार अपने ऑफिस में बैठे शराब पी रहे थे। अगले दिन सुबह छह बजे वह उठा और अपने पिता के पास गया। कमरे में उनके पिता मोहनलाल पाल नहीं मिले। रात का खाना कमरे में रखा था। इसलिए उन्होंने अपने पिता को भट्ठे पर और आसपास तलाश किया तो वह नहीं मिले। इसके बाद उन्होंने सोचा की रात को शिवकुमार के साथ पी रहे थे। उसी के साथ मकान पर गए होंगे।
रामसिंह ने बताया कि भट्ठा मालिक आलोक ने उन्हें सूचना दी कि उनके पिता मोहनलाल पाल की लाश शिवकुमार के मकान के पास सड़क किनारे पड़ी है। इसके बाद वह और उनके भाई सदाशिव को लेकर मौके पर पहुंचे तो देखा कि उनके पिता की लाश सड़क किनारे पड़ी है। रामसिंह को शक हुआ कि शिवकुमार ने ही उसके पिता की हत्या की है, जिस पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रवक्ता विकास का कहना है कि इस मामले में आरोपी शिवराम को गिरफ्तार कर लिया गया है।