थाना बरवाला पुलिस ने गांव बाडो पट्टी स्थित एक शराब ठेके में हुई चोरी व सेंधमारी की वारदात को सुलझा दिया है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरीशुदा 34000 रुपये नकद एवं अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद कर ली गई हैं। आरोपी से मामले में संलिप्त अन्य साथियों के बारे में गहनता से पूछताछ की जा रही है।
शिकायतकर्ता मनोज निवासी तलवंडी राणा हिसार ने थाना बरवाला में दी गई लिखित शिकायत में बताया कि गांव बाडो पट्टी में उनका शराब का ठेका है। सुबह करीब 5:00 बजे अज्ञात चोरों ने ठेके की पिछली दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखे करीब 34000 रुपये नकद तथा महंगी अंग्रेजी शराब की बोतलें कट्टों में भरकर चोरी कर लीं।
ठेके के साथ बने ऑफिस में सो रहे सेल्समैन ने आहट सुनकर जब शोर मचाया, तो आरोपी कुछ बोतलें मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। पहचान छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने ठेके के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। हालांकि, एक कैमरा सुरक्षित बच गया, जिसकी फुटेज की जांच करने पर मुख्य आरोपी की पहचान राजेन्द्र पुत्र बृजलाल, निवासी बहबलपुर (हिसार) के रूप में हुई।
शिकायत प्राप्त होते ही थाना बरवाला में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305, 331(4) व 324(4) के तहत अभियोग दर्ज किया गया। मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य सिपाही अजयदीप व मुख्य सिपाही सुनील कुमार की टीम ने साक्ष्यों के आधार पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी राजेन्द्र निवासी बहबलपुर को काबू कर लिया।