सिवानी मंडी। शनिवार को लोहारू से सिवानी आ रही एक निजी बस में बुजुर्ग की जेब से 2 लाख 44 हजार रुपये चोरी करने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार कर लिया। शिकायतकर्ता सनेश कुमार निवासी मिरान ने बताया कि वह अपने ससुर ओमप्रकाश निवासी फरटिया भीमा के साथ सुबह करीब 8 बजे घर से 2 लाख 44 हजार रुपये लेकर सिवानी के लिए निकले थे।
यह रकम उनके ससुर के पास थी। जब वे लोहारू मोड़ के पास पहुंचे तो उनकी साथ वाली सीट पर बैठी एक महिला ने उसके ससुर की जेब से रुपये निकाल लिए। संनेश ने बताया कि उसने और उसके ससुर ने महिला को मौके पर ही पकड़ लिया और करीब 11 बजे लोहारू मोड़ पर बस से उतरकर डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम राजकुमारी निवासी गांव बिढण बताया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और चोरी की गई पूरी रकम को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच जारी है।