फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो लाख रुपये की नकली मुद्रा और अवैध पिस्तौल सहित हत्या मामले में वांछित आरोपी काबू

विज्ञापन
पुलिस के स्पेशल स्टाफ की गिरफ्त में नकली मुद्रा के साथ पकड़ा गया आरोपी। - फोटो : Hisar
विज्ञापन
हिसार। जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने गश्त के दौरान दो लाख रुपये की नकली भारतीय मुद्रा व अवैध हथियार सहित हत्या के मामले में वांछित आरोपी को जिंदल पार्क से काबू किया है।
विज्ञापन

सहायक उप निरीक्षक धर्मवीर के नेतृत्व में टीम गश्त के दौरान बरवाला रोड हिसार पर मौजूद थी। उस दौरान टीम को सूचना मिली कि जिंदल पार्क के पास एक युवक दो-दो हजार रुपये के नकली नोट और अवैध पिस्तौल के साथ खड़ा है। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को काबू किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सिरसा के चाहरदाला निवासी सुरेंद्र उर्फ लेफ्टी बताया। तलाशी लेने पर उसकी पेंट की दाहिनी जेब से दो हजार रुपये के नकली नोटों की दो लाख रुपये की एक गड्डी बरामद हुई, जिस पर भारतीय स्टेट बैंक की पर्ची भी लगी हुई थी। दूसरी जेब से एक अवैध पिस्तौल 315 बोर बरामद हुआ। गिनती की गई तो दो हजार वाले 100 नोट थे। बरामद इन नोट में से 60 नोट पर एक नंबर व 40 नोट पर एक नंबर था। बरामद नकली नोट व अवैध पिस्तौल को पुलिस ने कब्जे में लेकर शहर थाने में धारा 489 बी और 489 सी व आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
आरोपी बोला- फोटो स्टेट की दुकान से प्रिंट कराए थे नोट
पुलिस पूछताछ में आरोपी सुरेंद्र ने बताया कि वह नशे का आदी है। उसने बताया कि उसने ये नकली नोट सिरसा के बाहरवाला स्थित एक फोटोस्टेट की दुकान से प्रिंट करवाए थे। उसने बताया कि इसके अलावा करीब तीन लाख रुपये के नकली नोट उसने अपने मकान में बने कमरे की अलमारी में छुपा कर रखे हैं। बरामद अवैध पिस्तौल के बारे में आरोपी सुरेंद्र ने बताया कि यह पिस्तौल उसने करीब 6-7 वर्ष पूर्व उसके गांव के ही एक व्यक्ति से पांच हजार रुपये में खरीदा था। उस व्यक्ति की मृत्यु हो चुकी है।
विज्ञापन

इन मामलों में वांछित है आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी सुरेंद्र उर्फ लेफ्टी सिरसा के थाना नाथुसारी चोपटा में वर्ष 2017 को धारा 302 के तहत दर्ज केस में वांछित अपराधी है। इस मामले में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर गांव तरकावाली निवासी हनुमान की डंडों से पीटकर हत्या की थी। इसके साथ ही आरोपी राजस्थान के भादरा थाने में वर्ष 2017 को धारा 392 और 395 के तहत दर्ज केस में भी वांछित अपराधी है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर भादरा में एक खल व्यापारी से 19 लाख 55 हजार रुपये की लूट की थी। इसके अलावा आरोपी सुरेेंद्र ने पूछताछ में अग्रोहा मेडिकल कॉलेज से भी एक बाइक चोरी की वारदात कुबूली है। आरोपी सुरेंद्र से पूछताछ जारी है। उसे शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
रवि को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया
हिसार। नकली नोटों सहित पकड़े गए विनोद नगर निवासी सुरेंद्र उर्फ काला व विनोद नगर निवासी सुशील उर्फ काला को पुलिस ने एक दिन के रिमांड के बाद शुक्रवार को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। वहीं मामले में वीरवार शाम को गिरफ्तार किए गए हनुमानगढ़ के गांव साहूवाला निवासी रवि को भी पुलिस ने शुक्रवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी रवि ही इसका मास्टरमाइंड था और इसने ही नकली नोट प्रिंट किए थे। शुक्रवार को पुलिस आरोपी रवि से नकली नोटों की प्रिंटिंग में इस्तेमाल सामान की बरामदगी के लिए राजस्थान लेकर पहुंची।
उल्लेखनीय है कि जिला पुलिस के वाहन निरोधक दस्ते ने बुधवर शाम नई ऑटो मार्केट से विनोद नगर निवासी सुरेंद्र उर्फ काला और विनोद नगर निवासी सुशील उर्फ काला को गिरफ्तार किया था। तलाशी लेने पर सुरेंद्र के कब्जे से 100-100 रुपये के एक ही नंबर के दो और सुशील के कब्जे से 100-100 रुपये के एक ही नंबर के तीन नोट बरामद हुए थे। पुलिस ने दोनों अरोपियों के खिलाफ शहर थाना में धारा 489बी और 489सी के तहत केस दर्ज किया था। आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया था कि वह कुछ दिन पहले ही आरोपी रवि से करीब 80 हजार रुपये लेकर हिसार पहुंचे थे। इसमें से वह 50 हजार रुपये मार्केट में चला भी चुके थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें