समाधा मंदिर के पूर्व महंत चंदनपुरी पर गोली चलाकर जानलेवा हमला करने के आरोप में सीआईए टू की टीम ने तीन आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश किया, जहां से तीनों को तीन दिन के रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी संदीप ने बताया कि महंत पंचमपुरी मंदिर में कुछ भी कार्य करते थे तो चंदनपुरी उनको लेकर कोर्ट में चले जाते थे, जिसे लेकर पंचमपुरी परेशान रहते थे। इसके बाद ही उन पर जानलेवा हमला किया गया।
वहीं पुलिस रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त असलाह व मोटरसाइकिल बरामद करने प्रयास करेगी व अन्य आरोपियों के बारे में भी गहनता से पूछताछ करेगी।
शनिवार देर रात महंत पंचमपुरी समेत तीन आरोपियों को किया था गिरफ्तार
बता दें कि मंगलवार को पूर्व महंत चंदनपुरी पर जानलेवा हमला करने के मामले में महंत पंचमपुरी सहित तीन लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस ने शनिवार देर रात महंत पंचमपुरी, गांव कुतुबपुुर निवासी संदीप व खरड़ चुंगी निवासी सोनू उर्फ कमांडो खरड़ को गिरफ्तार किया था।
संदीप ने की थी फायरिंग
यह पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि मंगलवार को महंत चंदनपुरी पर संदीप ने ही फायर किया था।
वर्जन
महंत चंदनपुरी पर गोली चलाकर जानलेवा हमला करने के मामले में आरोपी महंत पंचमपुरी, संदीप व सोनू उर्फ कमांडो को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
- सुभाष शर्मा, प्रवक्ता जिला पुलिस हांसी।