हांसी। एंटी करप्शन ब्यूरो हिसार की टीम ने नगर परिषद के ठेकेदार के एक कर्मचारी को 16,500 की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। रिश्वत नगर पालिका नारनौंद के एक विकास कार्य को लेकर वहां के एक ठेकेदार द्वारा दी गई थी। मामले में ठेकेदार ने ही एसीबी को सूचना दी थी जिसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए रंगेहाथों रिश्वत लेते हुए उसे बुधवार शाम को निजी होटल से पकड़ लिया। देर रात करीब 10:15 बजे टीम उसे अपने साथ हिसार लेकर गई।
बताया जा रहा है कि नारनौंद में गली निर्माण का कार्य पूरा होने के बाद उससे संबंधित मॉनिटरिंग फाइल पर हस्ताक्षर करने की प्रक्रिया लंबित थी। आरोप है कि इस फाइल पर हस्ताक्षर करने की एवज में नगर परिषद के एक्सईएन विक्की कुमार द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी, जिस ठेकेदार नारनौंद के वार्ड नंबर चार में उक्त गली का निर्माण कार्य किया था, उस कांट्रेक्टर की मृत्यु हो चुकी है। इसके बाद मृतक ठेकेदार के परिचित कुलदीप भुक्कल ने मामले की शिकायत हिसार एसीबी को दी। एसीबी की टीम के इंचार्ज महेंद्र सिंह ने अपनी टीम के साथ नगर परिषद के ठेकेदार के कर्मचारी रवि को 16,500 रुपये रिश्वत के रुपयों के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। जिसके बाद आरोपी से पूछताछ की गई।
22,000 मांगी थी रिश्वत
शिकायतकर्ता के अनुसार शुरुआत में 22,000 रुपये रिश्वत की मांग की गई थी। बाद में 16,500 रुपये में मामला तय हुआ। आरोप है कि एक्सईएन ने शिकायतकर्ता से कहा था कि वह यह राशि रवि को दे दें। बताया जा रहा है कि रवि नगर परिषद से जुड़े ठेकेदार का कर्मचारी है और उसे यह रकम आगे एक्सईएन तक पहुंचानी थी। नगर परिषद के एक्सईएन विक्की कुमार की तैनाती गुरुग्राम में है लेकिन उनके पास हांसी नगर परिषद का अतिरिक्त कार्यभार भी है। इससे पहले वे हांसी नगर परिषद में नियमित एक्सईएन के रूप में कार्य कर चुके हैं।
पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। एक्सईएन विक्की कुमार भी इस मामले में नामजद आरोपी है। उनसे भी पूछताछ की जाएगी। मामले में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।- इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह , इंचार्ज, एंटी करप्शन ब्यूरो, हिसार।