हिसार। भ्रष्टाचार निरोधक दस्ता (एसीबी) ने शुक्रवार को हाउसिंग सोसायटी के एक मकान को माता के नाम करने के बदले 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए सहकारी समिति के निरीक्षक हरबंस और उप निरीक्षक सोनू को गिरफ्तार किया है। एसबीसी की टीम ने आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश करेगी।
एसीबी को दी शिकायत में रविंद्र ने बताया कि उनके पिता ने फ्रेंड्स काॅलोनी में रजिस्टर्ड सोसायटी का 120 गज का मकान खरीदा था। वर्ष 2022 में उनके पिता की मृत्यु हो गई। उन्होंने अपने पिता की मृत्यु के बाद मकान को अपनी माता के नाम स्थानांतरित कराना था। पंजीकृत मकान का स्थानान्तरण कराने के लिए कोऑपरेटिव हाउस बिल्डिंग सोसायटी में फाइल लगाई थी।
मकान का कार्ड उसकी माता के नाम स्थानान्तरण करने की एवज में सहकारी समिति के निरीक्षक हरबंस ने उनसे 30,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। एसीबी ने एक टीम का गठन किया। टीम के कहने पर रविंद्र आरोपी को 30 हजार रुपये की नकदी देने के लिए तैयार हो गया।
रविंद्र ने आरोपी को आईजी चौक के पास बुलाया। शिकायतकर्ता ने जब उप निरीक्षक सोनू , निरीक्षक हरबंस को रकम सौंपी तो एसीबी की टीम ने उन्हें दबोच लिया। आरोपियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
आरोपी निरीक्षक हरबंस व सोनू, उप निरीक्षक उपरोक्त के खिलाफ थाना भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने केस दर्ज कर लिया है। कार्रवाई में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 105 का भी पालन किया गया है। इसमें तलाशी, आरोपी से बरामदी की डिजिटल रिकॉर्डिंग जुटाई गई है। रिश्वत मांगने पर टोल फ्री न. 1800-180-2022 व 1064 पर सूचना दी जा सकती है।